जौनपुर: प्रेमिका से मिलने आए युवक को ग्रामीणों ने पेड़ से बांधकर पीटा, मुकदमा दर्ज

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

जौनपुर। यूपी के जौनपुर जिले के तेजी बाजार क्षेत्र में प्रेमिका से मिलने गए युवक की ग्रामीणों ने पेड़ से बांधकर बेरहमी से पिटाई की और इसका वीडियो सोशल मीडिया में वायरल कर दिया। पुलिस ने इस सिलसिले में मुकदमा दर्ज कर तीन लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि मछलीशहर थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी 25 वर्षीय युवक का तेजी बाजार थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती से प्रेम प्रसंग है। दोनों एक दूसरे से छिप-छिपकर मिला करते थे।

गुरुवार सुबह भी युवक अपने प्रेमिका से मिलने के लिए उसके गांव आ गया। ग्रामीणों को इस बात की भनक लग गई।
युवक जैसे ही प्रेमिका के घर में घुसा, वैसे ही परिजनों और ग्रामीणों ने उसे दबोच लिया और मारपीट करने के बाद पेड़ से बांध दिया। पेड़ में बंधे युवक की बेरहमी से पिटाई की। साथ ही वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। कुछ ग्रामीण उसका सिर भी गंजा करना चाहते थे। कैंची से बाल काट ही रहे थे कि पुलिस मौके पर पहुंच गई। किसी तरह पुलिस ने युवक को मुक्त कराया। वायरल वीडियो के आधार पर तीन आरोपियों को चिन्हित करते हुए हिरासत में ले लिया।

अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण शैलेंद्र सिंह ने बताया कि युवती से मिलने पहुंचे युवक को ग्रामीणों ने पेड़ से बांध रखा था।
सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और उसे मुक्त कराया। पीड़ित युवक की तहरीर पर तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। इस मामले में अमानवीय कृत्य करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें:-मध्य प्रदेश : रीवा में प्रशिक्षण विमान दुर्घटनाग्रस्त, एक पायलट की मौत, एक घायल

संबंधित समाचार