सर्दी का सितम जारी : Mahoba में ठंड की चपेट में आने से दो की मौत, कोहरा छाने से यातायात हाे रहा प्रभावित
महोबा में ठंड की चपेट में आने से दो की मौत।
महोबा में सर्दी का सितम लगातार बढ़ता जा रहा। ठंड की चपेट में आने से दो की मौत हो गई। आसमान में कोहरा छा जाने से यातायात व्यवस्था प्रभावित रही।
महोबा, अमृत विचार। जिले में कड़ाके की ठंड अब जानलेवा बन गई है। लाख जतन के बाद भी ठंड लोगों का पीछा नहीं छोड़ रही है। सर्द हवाओं ने लोगों का जीना दुश्वार कर दिया है। पिछले दो दिनों से ठंड का सितंब जारी है। ठंड की चपेट में आने से एक महिला सहित दो लोगों की मौत हो गई।
शुक्रवार को तड़के सुबह से ही कोहरा छा जाने के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित रही, जिसके चलते बसें और ट्रेने दो से तीन घंटे देरी से गन्तव्य स्थानों तक पहुंच सकी।
आसमान सफेद चादर से ढक जाने के कारण पचास कदम दूरी पर कुछ नहीं दिखाई दे रहा था, जिससे बस चालक समय से गाड़ियां लेकर नहीं निकल सके। कोहरे और सर्द हवाओं से ठंड बढ़ने के कारण यात्री भी देर से पथ स्टेशन पहुंचे। कोहरे के चलते आटो और रिक्शे भी समय से नहीं मिल सके, जिससे यात्रियों को कड़कड़ाती ठंड के बीच बस स्टैंड तक पैदल जाना पड़ा।
सुबह से 12 बजे तक सर्दिली हवाओं के चलने से लोग बिस्तर से बाहर नहीं निकले। दुकानदारों ने भी ठंड के चलते समय से दुकानें नहीं खोली। ठंड के चलते बाजार में भी सन्नाटा पसरा रहा। मौसम के ठंडे मिजाज ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी है। विद्यालयों का समय साढ़े दस बजे होने के बाद भी बच्चे कंपकंपाते हुए स्कूल और कालेज पहुंचे।
शुक्रवार को सबसे ठंडा दिन रहा, जिसके चलते पारा लुड़ककर 5.5 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। दिल्ली से महोबा आने वाली महाकौशल एक्सप्रेस, संमर्कक्रांति करीब दो से तीन घंटे देरी से आईं। इसी तरह अंबेडकर नगर से प्रयागराज जाने वाली एक्सप्रेस गाड़ी भी दो घंटे देरी से आई। बुंदेलखंड एक्सप्रेस सहित कई गाड़ियां विलंब से चलती रहीं, जिससे यात्री रेलवे स्टेशन पर कड़ाके की ठंड के बीच ट्रेनों के इंतजार में सर्दी से जूझते देखे गए।
थाना कबरई के ग्राम धरौन निवासी बिंदा अहिरवार (81) अपनी पत्नी के साथ खेत में मकान बनाकर रहता है। गुरुवार को खेतों में पानी लगाने के बाद वह घर पर लेट गया। रात में अचानक ठंड लगने से वह कांपने लगा। परिजनों ने उसे आग जलाकर तपाया, बाद में उसे जिला अस्पताल लाया गया, जहां पर उसकी मौत हो गइ। इसी तरह कैमाहा निवासी जगरानी (72) को ठंड लगने पर जिला अस्पताल लाया गया। उसने भी अस्पताल में दम तोड़ दिया।
