Kanpur News : CETP का 30 फीसदी काम अभी अधूरा, जिलाधिकारी ने निरीक्षण कर काम में तेजी लाने के दिये निर्देश
कानपुर में सीईटीपी का काम अधूरा है।
Kanpur News कानपुर के जाजमऊ में तैयार हो रहा सीईटीपी का 30 फीसदी काम अभी अधूरा है। जिलाधिकारी विशाख जी अय्यर ने निरीक्षण में काम में तेजी लाने के निर्देश दिये है।
कानपुर, अमृत विचार। Kanpur News जाजमऊ में तैयार हो रही सीईटीपी (कॉमन एफ्लुयेंट ट्रीटमेंट प्लांट) प्लांट का अभी भी 30 फीसदी काम अधूरा है। बताया जा रहा है कि केस्को व एनएचएआई सहित कई अन्य विभागों द्वारा कई जरूरी अनुमतियों को लेकर तेजी नहीं दिखाई है, इसलिए भी तय समय पर इस निर्माण कार्य को पूरा कर पाना मुश्किल लग रहा है।
केंद्र सरकार के राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन के तहत जाजमऊ में निर्माणाधीन 20 एमएलडी क्षमता के सीईटीपी परियोजना का निर्माण कार्य चल रहा है। इस परियोजना का क्रियान्वयन, अनुरक्षण व संचालन का कार्य जाजमऊ टेनरी एफ्लुयेंट ट्रीटमेंट एसोशिएसन (जटेटा) द्वारा किया जाना है। इस सीईटीपी में 200 केएल का पायलट जेडएलडी यूनिट (जीरो लिक्विड डिस्चार्ज) का भी निर्माण किया जा रहा है, जिसमें बिना कोई लिक्विड डिस्चार्ज का ट्रीटमेंट किया जाएगा।
गुरुवार को जिलाधिकारी विशाखजी अय्यर ने प्रगति को जांचने के लिए भौतिक निरीक्षण किया। इस दौरान करीब 70 प्रतिशत भौतिक प्रगति पूर्ण पाई गई। जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्था को तय समय पर ही कार्य पूरा करने को निर्देशित किया। बताया गया कि सीसीआरयू यूनिट का कार्य पूर्ण है। इसके हाइड्रो टेस्ट में तेजी लाने को कहा। केस्को एवं एनएचएआई से प्राप्त होने वाली लंबित अनुमतियों को प्राप्त करने के संबंध में यथाशीघ्र निर्माण कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
