हल्द्वानी: पहले टक्कर मारी फिर घायल पर चढ़ा दी गाड़ी, मौत 

Amrit Vichar Network
Published By Babita Patwal
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। साइकिल से लौट रहे एक मजदूर को तेज रफ्तार वाहन ने टक्कर मार दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आरोप है कि वाहन चालक ने वापस लौटकर दोबारा उसके ऊपर वाहन चढ़ा दिया जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।

बरेली कांधरपुर उमसिया कैंट निवासी तेज राम यहां हल्द्वानी में पुताई का काम करता था। वह पिछले एक साल से यहां रह रहा था। मृतक की पत्नी पुष्पा ने बताया कि कुछ दिन पहले ही वह बच्चों को लेकर हल्द्वानी आई थी। बीते गुरुवार को तेज राम साइकिल से घर की ओर निकल था।

जैसे ही भगवानपुर तल्ला के पास पहुंचा, तभी अनियंत्रित गति से आ रहे वाहन ने तेज राम को टक्कर मार दी। इससे वह घायल हो गया और सड़क पर गिर गया। तभी वाहन चालक दोबारा वापस आया और घायल पड़े तेजराम पर वाहन चढ़ा दिया। इसके बाद वह मौके से फरार हो गया।

आनन-फानन में उसे सुशीला तिवारी अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शुक्रवार को शव का पोस्टमार्टम कराया और शव परिजनों को सौंप दिया। मृतक की पत्नी ने बताया कि वह वाहन चालक के खिलाफ पुलिस को तहरीर देगी। पुलिस तहरीर मिलने के बाद कार्यवाही शुरू करेगी।

संबंधित समाचार