बरेली: शादी अनुदान की रकम पर ठगों की नजर, फोन के जरिए वारदात को दे रहे अंजाम
बरेली, अमृत विचार। पिछड़ा वर्ग की गरीब कन्याओं के लिए शुरू की गई शादी योजना पर ठगों की नजर है। वह फोन करने के अलावा मैसेज समेत अन्य तरीके से ठगी करने की कोशिश में हैं।
यह भी पढ़ें- बरेली: प्रेमिका की शादी दूसरी जगह होने पर नाराज हुआ प्रेमी, घर में घुसकर किया तलवार से हमला
जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी योगेश पांडेय ने बताया कि सरकार ने 800 कन्याओं को लक्ष्य दिया है। विभागीय वेबसाइट पर आनलाइन आवेदन किए जा रहे हैं। जालसाज आवेदन पत्र में दिए शादी अनुदान योजना के आवेदकों के मोबाइल नंबर पर काल करने के अलावा बार कोड, पेटीएम आदि के माध्यम से रुपयों की मांग कर रहे हैं।
उनसे कहा जाता है कि योजना के तहत 51 हजार रुपये की धनराशि का लाभ तभी मिलेगा जब हमारे द्वारा बताए गए खाते या फोन पे, पेटीएम आदि पर पैसा भेजोगे। जबकि सरकार की ओर से योजना के तहत 20 हजार रुपये दिए जाते हैं। उन्होंने बताया कि सरकार की ओर से निशुल्क सहायता की जाती है।
यदि किसी आवेदक पर फोन आता है तो यह पूरी तरह से फर्जी है। कोई भी व्यक्ति इस प्रकार के फोन नंबर से भ्रमित न हों और न ही धनराशि दें। विभाग से जुड़ी योजनाओं की जानकारी के लिए विकास भवन के कमरा नं 17 में संपर्क करने के अलावा लैंडलाइन नंबर 0581-2511080 पर जानकारी लेकर ठगी से बच सकते हैं।
यह भी पढ़ें- बरेली: ऑनलाइन गुप्त रोग की दवा खरीदना पड़ा भारी, ठंगों ने ठग लिए 5.5 लाख रुपए
