शाहजहांपुर: झोपड़ी में फंदे से लटके मिले प्रेमी युगल, इलाके में मचा हड़कंप
शाहजहांपुर, अमृत विचार। जिले के पुवायां-खुटार मार्ग पर स्थित गोमती नदी के पुराने पुल के पास शनिवार की सुबह एक झोपड़ी में फंदे से लटकते हुए प्रेमी युगल के शव मिले। परिजनों ने बताया कि दोनों ने शुक्रवार की रात फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सुबह उन लोगों ने दोनों के शव देखे तो कोहराम मच गया। पुलिस ने दोनों के शवों का पोस्टमार्टम कराया है।
ये भी पढ़ें- शाहजहांपुर: हजारों श्रद्धालुओं ने गंगा में लगाई आस्था की डुबकी
खुटार और पुवायां के बीच गोमदी नदी के पुराने पुल के दोनों ओर मजदूर पेशा परिवार झोपड़ी डालकर रहते है। यह इलाका थाना पुवायां क्षेत्र के गांव गुटइया का है। नदी के एक छोर पर रहने वाले रमेश कुमार का 19 वर्षीय पुत्र रोहित का दूसरे छोर की झोपड़ी में रहने वाले नरेंद्र कुमार की 17 वर्षीय बेटी नीलम से एक साल से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। दोनों लोग जाटव बिरादरी के थे।
दोनों लोग गांव के बाहर चोरी छिपे मिला करते थे और फोन से भी बात किया करते थे। पांच माह पूर्व दोनों के परिवार वालों की इस बात की जानकारी हुई। पंचायत भी हुई और दोनों के परिवार वालों ने एक-दूसरे के मिलने पर प्रतिबंध लगा दिया था। उसके बाद भी दोनों लोग चोरी छिपे मिला करते थे। पाबंदी लगाने के बाद भी दोनों लोग एक-दूसरे से जुदा नहीं होना चाहते थे।
बताते हैं कि शुक्रवार को परिवार वालों ने दोनों को गांव के बाहर बातचीत करते देख लिया और दोनों को डाटकर भगा दिया था। नीलम रात में किसी समय अपने घर से उठकर प्रेमी के घर के पास चली आई। रोहित के घर के बाहर एक झोपड़ी पड़ी थी। प्रेमी युगल ने रात में किसी समय झोपड़ी में धन्नी से कंपाइन की बेल्ट से गले में फंदा लगाकर जान दे दी।
रोहित की मां अंजली छह बजे शौच करने के लिए उठी तो देखा कि झोपड़ी में रोहित व नीलम का शव फंदे से लटका हुआ था। इस घटना की खबर से गांव में हड़कंप मच गया। दोनों के परिवार वाले पहुंच गए। पुलिस को सूचना दी गई। सीओ पुवायां व प्रभारी निरीक्षक मौके पर पहुंचे और दोनों के शव उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सीओ ने दोनों के परिवार वालों से जानकारी की। एसपी ने बताया कि दोनों में प्रेम-प्रसंग चल रहा था। दोनों के शव झोपड़ी में लटके हुए मिले है। इस मामले की जांच की जा रही है।
प्रेम युगल के शवों का पोस्टमार्टम कराया गया है। परिजनों ने किसी पर भी कोई आरोप-प्रत्यारोप नहीं लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर कार्यवाई की जाएगी।- एस. आनंद, एसपी।
ये भी पढ़ें- शाहजहांपुर: खुदागंज की महिला को हुआ कोरोना, स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप
