मुरादाबाद : कपूर कंपनी पुल खुलवाने की मांग को लेकर सांसद से मिले लाइनपार निवासी
मुरादाबाद, अमृत विचार। कपूर कंपनी पुल खुलवाने की मांग को लेकर लाइनपार निवासी सांसद एसटी हसन से मिले। क्षेत्रवासियों ने सांसद से जनता के हित को देखते हुए कपूर कंपनी कुल को जल्द से जल्द खुलवाने की मांग की।
सांसद को दिए ज्ञापन में लाइनपार निवासियों का कहना है कि महानगर की आधी से अधिक आबादी लाइनपार क्षेत्र में निवास करती है। प्रमुख रूप से चिड़िया टोला, मझोला, चाऊ की बस्ती, प्रकाश नगर, शक्ति नगर, गायत्री नगर, मानसरोवर, एकता कॉलोनी, सूर्यनगर आदि मोहल्लों हैं। यहां आबादी का विस्तार 1980 के बाद हुआ है। इतनी बड़ी आबादी के आवागमन के लिए केवल एकमात्र पुराने शहर से जोड़ने के लिये कपूर- कम्पनी का पुल है।
वह भी केवल दो पहिया वाहनों के लिये। उसे भी तीन जनवरी 2022 से बिना किसी पूर्व चेतावनी के बिल्कुल बन्द कर दिया गया है। इसमें पूरे लाइनपार की जनता को लोकोशेड पुल से लगभग चार से पांच किमी का अतिरिक्त सफर दैनिक आवागमन के लिए करना पड़ता है। यहीं नहीं, गम्भीर प्रकृति के रोगियों व प्रसूता महिलाओं के लिये यह और भी कष्टप्रद व जानलेवा हो गया है।
जनता की समस्या को देखते हुए सम्बन्धित अधिकारियों से वार्ता कर लाइनपार वासियों की समस्याओं का निराकरण कराएं। रेलवे लाइनों के बीच से होकर जीआरपी लाइन तक जाने वाले नाले की तली झाड़ सफाई कराकर उसका पक्का निर्माण कराया जाए। कपूर-कम्पनी के सैकड़ों वर्ष पुराने सब्जी बाजार को अन्यत्र वैकल्पिक स्थान मुहैया कराते हुये पुनः चालू कराएं ताकि बेरोजगार सब्जी व्यापारी पुनः अपनी आजीविका चालू कर अपने परिवारों का भरण-पोषण कर सकें। सांसद ने उन्हें शीघ्र ही समस्याओं के निराकरण का आश्वासन दिया है।
ये भी पढ़ें:- मुरादाबाद : छह माह से विवाहिता लापता, मां ने लगाया हत्या का आरोप
