अमिषा हत्याकांड: ट्रेन में चढ़ते समय सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई विवाहिता

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

शताब्ती एक्सप्रेस में सवार होकर रुद्रपुर से पहुंची थी मुरादाबाद

मुरादाबाद, अमृत विचार। अमिषा हत्याकांड की तफ्तीश में जीआरपी के हाथ कुछ नए तथ्य लगे हैं। सीसीटीवी फुटेज की जांच से पता चला है कि मौत से कुछ देर पहले वह शताब्दी एक्सप्रेस में सवार होकर उत्तराखंड के रुद्रपुर से मुरादाबाद जंक्शन पर पहुंची थी। इस जानकारी के बाद जीआरपी महिला की हत्या होने की कड़ियों को तेजी से जोड़ने में जुटी है। 

 बरेली में इज्जतनगर थाना क्षेत्र के मंडी विहार निवासी हरमेंद्र जीत सिंह कपड़े के थोक व्यापारी हैं। उनकी 24 वर्षीय बेटी अमिषा राजपाल का छत विक्षत शव बुधवार देर रात यहां रेलवे स्टेशन से करीब एक किमी दूर रेल ट्रैक से बरामद हुआ। कपड़ा कारोबारी ने तहरीर देकर जीआरपी को बताया कि उन्होंने अपनी बेटी की शादी उत्तराखंड में उधमसिंह नगर स्थित रुद्रपुर के सिडगुल ओमेक्स निवासी सतपाल सिंह कामरा के बेटे रनदीप सिंह उर्फ रॉनी के साथ की। शादी के 10 माह बाद ही अमिषा की दर्दनाक मौत को पिता ने हत्या करार दिया। उन्होंने हत्या का आरोप मृतका के पति व ससुरालियों पर मढ़ा। 

हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पता चला कि अमिषा की मौत ट्रेन की चपेट में आने से हुई, फिर भी पिता के दावे को जीआरपी ने जीडी में दर्ज किया। अमिषा के पति व उसके घर वालों के खिलाफ यहां जीआरपी ने दहेज हत्या का मामला पंजीकृत किया। केस की तफ्तीश सीओ जीआरपी देवी दयाल को सौंपी गई। सीओ ने शुक्रवार को बरेली में मृतका के पिता, मां, बहन व भाई का बयान दर्ज किया था। मृतका के परिजनों के बयान दर्ज होते ही जीआरपी की जांच तेजी के साथ आगे बढ़ रही है।

रुद्रपुर रेलवे स्टेशन के सीसीटीवी कैमरे में कैद मिली अमिषा
मुरादाबाद । शनिवार को सीओ जीआरपी देवी दयाल उत्तराखंड के रुद्रपुर रेलवे स्टेशन पहुंचे। स्टेशन परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज की जांच शुरू की। वहां अमिषा की वीडियो फुटेज कैमरे में कैद मिली। सीओ के मुताबिक शताब्ती एक्सप्रेस में सवार होकर अमिषा मुरादाबाद की ओर रवाना हुई।   जंक्शन पर लगे सीसीटीवी फुटेज की पड़ताल से पता चला कि रुद्रपुर से चलकर अमिषा मुरादाबाद में प्लेटफार्म नंबर चार पर ट्रेन से उतर गई। वह प्लेटफार्म नंबर तीन की ओर बढ़ गई। इसके बाद अमिषा का लोकेशन फिलहाल जीआरपी के हाथ नहीं लगा है। 

फिलहाल जीआरपी यह जानने में जुटी है कि प्लेटफार्म नंबर तीन पर उतरने के बाद अमिषा घटना स्थल तक कैसे पहुंची। अमिषा अकेले थी या उसके साथ कोई और था?   ऐसे सवालों का जवाब तलाशने की कवायद में जीआरपी यहां रेलवे सटेशन पर लगे अन्य सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस इस बात का भी पता लगा रही है कि रुद्रपुर में ट्रेन में सवार होने से पहले अमिषा ने रेलवे का टिकट खरीदा था अथवा नहीं। पुलिस की तफ्तीश जारी है। तफ्तीश आगे बढ़ने पर ही घटना की सभी कड़ियों को जोड़ा जा सकेगा। कड़ियों के जोड़ने के बाद ही मृतका के मायके वालों व ससुरालियों के विरोधाभासी दावे की असल तह का पता चल सकेगा।

ये भी पढ़ें:- मुरादाबाद: पेड़ लगाकर आय दोगुना कर सकेंगे किसान

संबंधित समाचार