मुरादाबाद: पेड़ लगाकर आय दोगुना कर सकेंगे किसान

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

खेतों में पेड़ लगाने और देखभाल करने पर दी जाएगी प्रोत्साहन राशि

शीशपाल सिंह चौहान/मुरादाबाद, अमृत विचार। वन विभाग की ओर से शुरू की गई कार्बन फाइनेंस योजना से किसान खेतों में पेड़ लगाकर एवं उनकी देखभाल कर अपनी आय को दोगुना कर सकेंगे। चयनित किसानों को केंद्र सरकार की ओर से 400 रुपये प्रति पेड़ के हिसाब से प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। 100 से ज्यादा पेड़ होने पर ही इस योजना का लाभ मिलेगा।

  • 100 से ज्यादा पेड़ों के स्वामी उठा सकते हैं योजना का लाभ
  • वन विभाग की ओर से शुरू की गई है कार्बन फाइनेंस योजना

प्रदेश के चार मंडल सहारनपुर, मेरठ, लखनऊ और मुरादाबाद में कार्बन फाइनेंस योजना चलाई जा रही है। जिला प्रशासन और वन विभाग के अफसर गांव-गांव जाकर खेतों में लगे पेड़ों का सर्वे कर रहे हैं। जिन किसानों के खेत में पेड़ लगे होंगे उन्हें एक पेड़ के रखरखाव के लिए 400 रुपये दिए जाएंगे। भुगतान भारत सरकार के माध्यम से सीधे किसान के खाते में पहुंचेगा। इसके लिए किसान को बैंक खाता, खसरा-खतौनी, गाटा संख्या और पेड़ों की संख्या का विवरण वन विभाग के अधिकारियों को बताना होगा। इस योजना का लाभ लेने के लिए ब्लाक व तहसील मुख्यालय से फार्म ले सकते हैं।

टेरी की टीम कर रही स्थलीय निरीक्षण
वन संरक्षक रमेश चंद ने बताया कि विभाग ने सर्वेक्षण का काम शुरू कर दिया। कार्बन उत्सर्जन को कम करने के लिए देश में टाटा एनर्जी एंड रिसोर्सेज इंस्टीट्यूट (टेरी) काम करती है। यह संस्था ऊर्जा, पर्यावरण, जलवायु परिवर्तन तथा सस्टेनेबिलिटी जैसे विषय पर यह शोध करती है। टेरी की रिपोर्ट के आधार पर ही किसानों के खातों में पैसा भेजा जाएगा। इस योजना के तहत आगामी 10 वर्ष में 50 लाख टन कार्बन खत्म करने का लक्ष्य रखा गया है। 

चार वर्ष में लगाए गए पेड़ों की होगी गणना
वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि इस योजना के प्रथम चरण में वर्ष 2018 से 2021 तक लगाए गए पेड़ों की गणना की जाएगी। इस दौरान किसान अपने पेड़ काट भी देते हैं, उससे कोई फर्क नहीं पड़ेगा। प्रतिवर्ष पेड़ों की गणना करके किसानों को लाभ दिया जाना है।

इस तरह से मिलेगा लाभ
इस योजना का लाभ लेने के लिए किसानों को वन विभाग में पंजीकरण कराना होगा। इसके बाद उनके पेड़ों का सर्वे किया जाएगा। इसके तहत किसानों को अधिक से अधिक संख्या में फलदार व छायादार पौधे रोपने होंगे।

ये भी पढ़ें:- मुरादाबाद: छुट्टा पशुओं से किसानों को मिलेगी निजात, गोशाला में संरक्षित होंगे 300 गोवंश

संबंधित समाचार