हल्द्वानी: बैंक में बंधक रखी 64 लाख की जमीन बेच डाली

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। बैंक में पहले जमीन बंधक रख कर्ज लिया और फिर उसी जमीन को तीन लोगों के नाम बैनामा कर दिया। 64 लाख रुपये से अधिक कीमत वाली जमीन का मामला खुला तो बैंक में हड़कंप मच गया। बैंक मैनेजर ने जालसाजों के खिलाफ कोतवाली में केस दर्ज कराया है। 

बरेली रोड पर कुर्मांचल नगर सहकारी बैंक की मंडी गेट नवीन मंडी शाखा के शाखा प्रबंधक सुनील कुमार आर्या ने पुलिस को बताया कि हरिपुर पूर्णानंद बरेली रोड स्थित मैसर्स पार्वती एसोसिएट्स के प्रोपराइटर सुमित रावत पुत्र दीवान सिंह रावत ने बैंक से ऋण लिया और इसके एवज में अपनी हरिपुर पूर्णानंद स्थित भूमि बैंक में बंधक रखी थी। जिसकी वर्तमान में 6437285 लाख रुपये अदायगी बनती है। ऋण अदा न करने पर सुमित को डिफाल्टर घोषित कर दिया गया।

आरोप है कि जानबूझकर बैंक को नुकसान पहुंचाने की नीयत से सुमित ने उक्त जमीन राकेश कुमार सिंह पुत्र वेद रतन सिंह निवासी ग्राम देवलचौड़ खाम, बलवीर श्रीवास्तव पुत्र वेद राम श्रीवास्तव निवासी टनकपुर रोड वार्ड चार और रेखा भट्ट पत्नी कैलाश चन्द्र भट्ट पुत्री जयदत्त निवासी मल्ला गोरखपुर नवाबी रोड को धोखे से रजिस्टर्ड बैनामा द्वारा बेच दी।

प्रबंधक ने आरोप लगाया कि यह सब कृत्य सुमित और बंधक भूमि के खरीदारों ने आपस में मिलकर साजिश रचकर किया है। प्रबंधक की तहरीर पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

संबंधित समाचार