मुरादाबाद : शमी, पीयूष के साथ आईपीएल में जलवा दिखाएंगे मोहसिन खान
शहर के युवा खिलाड़ियों के लिए मार्गदर्शक बने हैं ये क्रिकेटर, आर्यन जुयाल को 16वें संस्करण में मिली है निराशा
मुरादाबाद, अमृत विचार। एक अप्रैल से शुरू हो रहे आईपीएल के 16वें संस्करण में जिले के तीन खिलाड़ी पीयूष चावला मुंबई इंडियंस, तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी गुजरात टाइंटस की ओर से खेलेंगे। जबकि उभरते सितारे बाएं हाथ के तेज गेंदबाज मोहसिन खान लखनऊ सुपर जाइंटस की ओर से खेलेंगे। मोहसिन खान लगातार दूसरे संस्करण अपनी गेंदबाजी का जौहर दिखाएंगे।
इंडियन प्रीमियर लीग में पिछली बार की तरह इस बार भी दस टीमें ट्राफी के लिए आपस में भिड़ेंगी। पिछली बार हार्दिक पांडया की कप्तानी में गुजरात टाइटंस ने खिताब अपने नाम किया था। आईपीएल को पूरे विश्व में पसंद किया जा रहा है। यह पूरी दुनिया की सबसे महंगी लीग है। इसका दुनियाभर के क्रिकेट प्रेमी बड़ी बेसब्री से इंतजार कर रहें है। युवा क्रिकेट खिलाड़ी यहां देश विदेश के खिलाड़ियों को देख कर अपने खेल को निखारते हैं। भारत ही नहीं दुनिया भर के युवा खिलाड़ियों का आईपीएल खेलने का सपना होता है। शहर से इस बार आईपीएल में तीन खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगे। दो बार के वर्ल्ड कप विजेता टीम के हिस्सा रहें लेग स्पिन गेंदबाज पीयूष चावला इस बार मुंबई इंडियंस के लिए खेलते हुए नजर आएंगे। मौजूदा भारतीय टीम के प्रमुख तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी इस बार भी डिफेंडिंग चैम्पियन गुजरात के लिए खेलेंगे। वहीं मोहसिन खान लखनऊ सुपर जाइंटस के साथ 2022 से जुड़े हैं। इस आर्यन जुयाल को इस बार निराशा हाथ लगी। उन्हें मुंबई इंडियंस ने बाहर कर दिया है। इन आईपीएल सितारों ने शहर के युवा खिलाड़ियों के लिए आईपीएल के रास्ते खोल दिए है। यह युवाओं के लिए मार्ग दर्शक बने हुए है।
गुजरात के लिए खिताब बचाने को उतरेंगे तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी
दाएं हाथ के तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने 2013 में पाकिस्तान के खिलाफ अपनी पहला एकदिवसीय मैच खेला। जिसमें उन्होंने धारदार गेंदबाजी करते हुए चार मेडन ओवर फेंकते हुए इंटरनेशनल क्रिकेट में सनसनी फैला दी। इसी साल उन्हें टेस्ट में वेस्टइंडीज के खिलाफ पदार्पण का मौका मिला। उन्हें आईपीएल में कोलकाता नाइटराइडर्स ने 4.25 करोड़ में खरीदा। इसके बाद उन्होंने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा। उनकी कहर बरपाती गेंदबाजी ने पूरी दुनिया को अपना मुरीद बना लिया। 2022 में वह गुजरात टाइंटस के साथ जुड़े। टीम ने उनपर 6.25 करोड़ की भारी रकम खर्च कर अपने साथ जोड़ा। वह टीम के भरोसे खरे उतरे। उन्होंने इस सीजन में शानदार गेंदबाजी करते हुए 16 मैच में 8 के इकोनामी रेट से 20 विकेट झटककर टीम को खिताब जिताने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। इसमें उनका बेस्ट 25 रन देकर तीन विकेट रहा। इस बार भी वह अपनी टीम के लिए खिताब का बचाव करने मैदान पर उतरेंगे।
फिर चलेगा वर्ल्ड चैम्पियन पीयूष चावला की फिरकी का जादू
शहर के मशहूर दो बार के वर्ल्ड चैम्पियन टीम के हिस्सा रहें लेग स्पिन गेंदबाज पीयूष चावला ने 2008 में आईपीएल में पदार्पण किया था। वह 2008 से 2013 तक किंग्स इलेवन पंजाब के हिस्सा रहें। उन्होंने टीम के लिए 55 मैचों में शानदार गेंदबाजी करते हुए 57 विकेट चटकाए। उसके बाद भी 2021 तक लगातार आईपीएल में अलग अलग टीमों के साथ खेलते रहें। लेकिन, 2022 में उन्हें आईपीएल में किसी टीम ने नही खरीदा। अब 2023 में एक बार फिर उन्होंने आईपीएल में वापसी की है। उन्हें इस बार 50 लाख में मुंबई इंडियंस ने खरीदा है। वह अभी तक आईपीएल में 167 मैचों में 157 विकेट चटकाए हैं। साथ ही उन्होंने बल्ले से 584 रन बनाए हैं। इस बार उनपर पूरे शहर के युवाओं की नजर है। उम्मीद है कि वह फिर एक बार अपनी फिरकी का जादू आईपीएल में बिखेरेंगे।
युवा सनसनी मोहसिन खान ने आईपीएल में दिखाएंगे दम
24 वर्षीय बाएं हाथ के तेज गेंदबाज मोहसिन खान ने 2022 में आईपीएल में पदार्पण किया। उन्हें लखनऊ सुपर जाइंटस ने बेस प्राइज 20 लाख रुपये में खरीद कर अपने साथ जोड़ा। मोहसिन ने इस अवसर को दोनों हाथों से लपका। उन्होंने अपनी कहर बरपाती तेज गेंदबाजी से दुनियाभर के बल्लेबाजों को परेशान किया। उन्होंने अपने पहले ही आईपीएल में अपना गहरा प्रभाव छोड़ा। उन्होंने टीम के लिए खेले 9 मैचों में शानदार गेंदबाजी करते हुए 14 विकेट अपने नाम किए। इस दौरान उनका इकानमी रेट कमाल का रहां। उन्होंने कुल 5.96 के इकानमी रेट से गेंदबाजी करते हुए सभी को अपनी गेंदबाजी से प्रभावित किया। इस दौरान उनका बेस्ट 16 रन देकर चार विकेट रहा। इस बार भी उन्हें टीम ने अपने साथ जोड़े रखा है। शहर के सीनियर क्रिकेट कोच बदरुद्दीन सिद्दीकी ने बताया कि उन्होंने इस मुकाम तक पहुंचने के लिए बहुत मेहनत की है। उम्मीद है कि वह जल्द भारतीय टीम की जर्सी में पदार्पण करेंगे। उनके क्रिकेट करियर से युवा प्रेरणा लेकर आगे बढ़ेंगे।
ये भी पढ़ें:- अमिषा हत्याकांड: ट्रेन में चढ़ते समय सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई विवाहिता
