मुरादाबाद : पहले थे सुस्त, अब बूस्टर डोज लगवाने को लगा रहे दौड़

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अब तक जिले में सिर्फ 5,13,782 लोगों को लगवाई है बूस्टर डोज, पहली डोज का टीका 27,00,346 और दूसरी डोज 25,50, 798 लोगों को लगी है, वैक्सीन की कमी से केंद्रों से निराश लौट रहे लोग, कोविशील्ड का स्टॉक अभी नहीं आया

मुरादाबाद, अमृत विचार। कोरोना संक्रमण की चौथी लहर की चपेट में आने से बचने की चिंता करने वाले पहले सुस्त थे। अब जबकि फिर संक्रमण की लहर आने की आशंका बढ़ी है तब नींद तो खुली लेकिन अब सिस्टम की सुस्ती लोगों पर भारी पड़ रही है। गनीमत यह है कि हाल के दिनों में जिले में अभी संक्रमित मरीज नहीं मिले हैं।

कोरोना की पहली, दूसरी, तीसरी लहर में जिले में 46,893 लोग संक्रमित हुए थे। इसमें से 369 की मौत भी हो चुकी है। जिसमें से 20 की मौत पिछले साल हुई थी। बावजूद इसके कोरोना टीकाकरण कराने में लोग संजीदा नहीं हुए। केंद्रों पर स्वास्थ्यकर्मी टीकाकरण कराने वालों की राह देखते रहे। इसमें स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी अन्य काम छोड़ फंसे थे। कोविड संक्रमण कम होने पर सरकारी केंद्रों पर टीकाकरण बंद हो गया। केवल निजी अस्पतालों में तय शुल्क देकर टीके लगाए जा रहे थे। 

सरकारी केंद्रों पर टीकाकरण बंद होने पर लोग निश्चिंत हो गए। जो सजग थे वह पहले लगवा लिए। लेकिन, अब चौथी लहर की आशंका में सहमें वह लोग जो पहली, दूसरी डोज लगवाने के बाद शांत बैठ गए थे अब टीका लगवाने के लिए दौड़ लगा रहे हैं। जबकि कोविशील्ड का स्टॉक ही नहीं है। केवल कोवैक्सीन की डोज ही तीन केंद्रों जिला अस्पताल, कुंदरकी और ताजपुर में लगाई जा रही है।

 चीन समेत कई अन्य देशों के साथ ही अपने प्रदेश व देश के अन्य राज्यों में कोरोना संक्रमित मरीज मिलने पर लोग टीका कराने की चिंता कर रहे हैं। जिले में अब तक बूस्टर डोज सिर्फ 5,13,782 लोगों ने लगवाई है। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एमसी गर्ग का कहना है कि वैक्सीन की डिमांड की गई है। फिलहाल तीन केंद्रों पर ही कोवैक्सीन की डोज का टीकाकरण हो रहा है

जांच में भी शिथिलता
कोरोना संक्रमण की फिर आशंका के बाद भी रेलवे स्टेशन, बस स्टेशन और अब पंचायत भवन की बजाय जिला अस्पताल में जांच के लिए काउंटर लग रहे हैं। हालांकि अभी तक रैपिड रिस्पांस टीमें क्षेत्रों में भ्रमण नहीं कर रही हैं। जांच में कमी से कोरोना संक्रमित मरीजों की पहचान नहीं हो पा रही है। जबकि जिले में दिल्ली, मुंबई, उत्तराखंड, राजस्थान सहित अन्य प्रदेशों से हर दिन 10,000 से अधिक लोगों की आवाजाही रहती है। जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. प्रवीन श्रीवास्तव का कहना है कि अभी कोविशील्ड वैक्सीन नहीं आई है। नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के लैब तकनीशियन की शनिवार को बैठक कर हर केंद्र पर जांच करने का निर्देश दिया है। लोगों से अपील है कि वह अपने आसपास के स्वास्थ्य केंद्र पर जाकर कोविड जांच करा सकते हैं।

ये भी पढ़ें:- मुरादाबाद : शमी, पीयूष के साथ आईपीएल में जलवा दिखाएंगे मोहसिन खान

संबंधित समाचार

टॉप न्यूज