मुरादाबाद : आज से पांच साल तक के बच्चों के वैक्सीनेशन को विशेष पखवाड़ा
एक साल तक के 10722 और एक से पांच साल तक के 14957 बच्चों का होगा टीकाकरण
मुरादाबाद, अमृत विचार। मीजल्स-रूबेला को इस साल के आखिर तक जड़ से खत्म करने के लिए सोमवार से विशेष टीकाकरण पखवाड़ा शुरू हो रहा है। जिले में जन्म से पांच साल तक के जिन बच्चों को वैक्सीन नहीं लगी है या किसी कारणवश छूटे हैं सभी बच्चों का टीकाकरण किया जाएगा।
उप जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. मनोज चौधरी ने बताया कि 9-20 जनवरी तक पहला विशेष पखवाड़ा, 13 से 24 फरवरी तक दूसरा और 13 से 24 मार्च तक तीसरा विशेष पखवाड़ा आयोजित किया जाएगा। इस पखवाड़े के दौरान नियमित सत्र को प्रभावित नहीं किया जाएगा। विशेष टीकाकरण का काम नियमित टीकाकरण से अलग दिवसों में किया जाएगा। नियमित टीकाकरण में छूटे हुए बच्चों को चिन्हित करने का काम दिसंबर में ही किया जा चुका है। इस काम के लिए आशा, आंगनबाड़ी, शहरी सुपरवाइजर, लिंक सर्वर आदि की मदद ली गई थी।
एक साल तक के 10722 बच्चों और एक से पांच साल तक के 14957 बच्चों का टीका लगेगा। उन्होंने बताया कि एक साल तक के बच्चों को एम आर- 1 और पेंटा की वैक्सीन लगेगी। एक साल से पांच साल तक के बच्चों को एम आर - 2 और डीपीटी बूस्टर- 2 की वैक्सीन लगेगी। छूटे हुए बच्चों की रिपोर्ट एएनएम के माध्यम से नोडल अधिकारी को दी गई थी। शहर में दूर-दराज के जो भी ऐसे क्षेत्र हैं, जहां लोग नियमित टीकाकरण कराने के लिए नहीं जाते। उनके लिए विभाग ने विशेष माइक्रोप्लान तैयार किया है। जिससे कोई भी बच्चा किसी भी टीके से वंचित न हो।
इन बीमारियों से होगा बचाव
पांच साल तक के बच्चों को 11 जानलेवा बीमारियों से बचाव के लिए टीका लगाया जाएगा। इस टीके से टीबी, पोलियो, गलघोंटू, काली खांसी, टेटनेस, निमोनिया, हीमोफिल्स, इन्फ्लूएंजा, खसरा, रूबेला, रोटा वायरस, डायरिया व हेपाटाइटिस बी से बचाव होता है। इस पखवाड़ा में गर्भवतियों को भी टीका लगेगा।
ये भी पढ़ें:- मुरादाबाद : पहले थे सुस्त, अब बूस्टर डोज लगवाने को लगा रहे दौड़
