संभल: कड़ाके की ठंड में छह छुट्टा गोवंश की मौत
जिले के गांव गौंहत और चाचू नागल में तीन-तीन पशुओं की गई जान, पशुओं की मौत से ग्रामीणों में रोष, दफनाए गए शव
संभल/कैला देवी, अमृत विचार। कड़ाके की ठंड से कैला देवी थाना क्षेत्र के दो गांवों में छह छुट्टा गोवंश की मौत हो गई। गोवंश की मौत से ग्रामीणों में रोष व्याप्त है। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से पशुओं के शव दफन करा दिए।
यहां बड़ी तादाद में निराश्रित गोवंशीय पशु हैं। किसान निराश्रित पशुओं से फसलों को बचाने के लिए निगरानी कर रहे हैं। दिन के अलावा रात में भी खेतों में रहने के लिए मजबूर हैं। वहीं चारा नहीं मिलने पर निराश्रित पशु भूख से परेशान हैं। भीषण सर्दी ने दिक्कतें और बढ़ा दी है। रविवार को सुबह कैला देवी थाना क्षेत्र के गांव चाचू नागल में घने कोहरे और गलन भरी ठंड के बीच चारा नहीं मिलने के कारण तीन पशुओं ने दम तोड़ दिया।
जबकि इससे पूर्व शनिवार को शाम गांव गौंहत में तीन पशुओं की मौत हो गई। रविवार को सुबह ग्रामीणों ने डायल 112 को सूचना दी तो पुलिस मौके पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से पशुओं के शव दफन करा दिए। ग्रामीणों का कहना रहा कि गोवंश भीषण ठंड में परेशान हैं। किसानों द्वारा फसलों की सुरक्षा करने से पशुओं को चारा भी नहीं मिल रहा। फिर भी संबंधित विभागों के अधिकारी पशुओं को गोशालाओं में संरक्षित नहीं करा रहे हैं।
ये भी पढ़ें:- संभल: घर के ताले तोड़कर एक लाख की चोरी
