ट्रेनों के खाली चल रहे स्लीपर कोच में जनरल यात्री करेंगे सफर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

80 प्रतिशत से कम यात्री पर स्लीपर कोच की रेलवे बोर्ड ने मांगी सूचना

लखनऊ। उत्तर रेलवे, पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के चारबाग, लखनऊ जंक्शन, गोमतीनगर, बादशाहनगर, ऐशबाग से आवागमन करने वाली ट्रेनों के खाली चल रहे स्लीपर कोच में जल्द ही जनरल यात्री सफर कर सकेंगे। जनरल यात्रियों को आरक्षित सफर की सुविधा देने की तैयारी तेज हो गयी है। कोहरे व ठंड के दौरान शयनयान कोच में खाली चल रही सीटों पर जनरल यात्रियों को सफर की सुविधा दी जायेगी ।

दरअसल रेलवे बोर्ड की ओर से सभी रेल मंडलों से 80% से कम यात्री संख्या पर चल रहे स्लीपर कोच की सूचना मांगी है बताया जा रहा है कि सर्दी को लेकर रेल यात्री स्लीपर कोच के बजाय एसी कोच में अधिक लोग सफर कर रहे हैं इस वजह से ट्रेनों में एसी कोच भी बढ़ाए गए हैं ट्रेनों में एसी कोच की संख्या अधिक और स्लीपर कोच की संख्या कम रहती है एसी कोच में आरक्षण अधिक होने से अब कई ट्रेनों में दोनों श्रेणी की की संख्या बराबर तक आ गई है फिर भी स्लीपर कोच खाली चल रहे हैं। इसके विपरीत जनरल टिकट से यात्रा करने वाले यात्रियों की संख्या दो गुनी बढ़ रही है । वर्तमान समय में स्लीपर कोच में 70 प्रतिशत सीटें खाली चल रही हैं। अब स्लीपर कोच में यात्री कम रहने वाली ट्रेनों में स्लीपर कोच को अनारक्षित कोच का दर्जा दिया जायेगा । इन कोचों के बाहर खिड़कियों के उपरी भाग पर अनारक्षित कोच लिखा जायेगा । स्लीपर कोच में जनरल यात्री सफर करेंगे लेकिन बीच की बर्थ खोलने की अनुमति नहीं होगी ।

रेलवे बोर्ड ने सभी मंडल रेल प्रशासन से अपने मंडल में चलाई जा रही ट्रेनों के स्लीपर कोच में यात्रियों की संख्या को लेकर रिपोर्ट मांगी है। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल रेखा शर्मा के मुताबिक स्लीपर कोच में जनरल यात्रियों को सफर कराने की अनुमति देने के लिए सूचना मांगी गई है।

ये भी पढ़ें : तेजस एक्सप्रेस के दस घंटे लेट होने पर यात्रियों का फूटा गुस्सा

संबंधित समाचार