बरेली: समझा था हमसफर... जिंदगी पर भारी पड़ी बेवफाई

Amrit Vichar Network
Published By Vishal Singh
On

तीन साल पहले कर्मचारी नगर में भी पत्नी ने करा दी थी शिक्षक की हत्या, बारादरी इलाके में पत्नी ने शादी के 15 दिन बाद मरवा डाला था पति को

ओमेन्द्र सिंह/बरेली, अमृत विचार। प्रेम... ऐसा शब्द है जो जन्म-जन्मांतर तक रिश्तों की डोर को बांधे रहता है लेकिन जब यह डोर कमजोर होती है या चाहों में पहले से कोई और होता है तो पति-पत्नी के पवित्र रिश्ते के बीच बेवफाई जहर घोलने लगती है। कब यह सिलसिला हमसफर की जिंदगी लेने तक पहुंच जाता है, कुछ पता नहीं लगता।

शहर में ही ऐसे कई केस हैं जिनमें पति या पत्नी में से ही किसी ने दूसरे का कत्ल कर दिया या करवा डाला। जिन मामलों में पत्नी ने पति का कत्ल कराया, वे ज्यादा सनसनीखेज थे और पुलिस को उनकी कड़ी से कड़ी जोड़ने में भी काफी मशक्कत करनी पड़ी। कई मामलों में प्रेमविवाह से शुरू हुआ सफर भी हत्या पर खत्म हो गया।

केस- 1

सुपारी किलर से करा दिया शिक्षक पति का कत्ल
इज्जतनगर में इंटर कॉलेज के प्रवक्ता अवधेश सिंह का कत्ल उनकी पत्नी विनीता ने 5 लाख रुपये की सुपारी देकर करा दिया था। 12 अक्टूबर 2020 को हत्या के बाद शव को बरेली से ले जाकर फिरोजबाद में तेजाब से जलाने के बाद दफन कर दिया गया। इस केस के खुलासे के बाद विनीता, उसके भाई प्रदीप, बहन ज्योति, पिता अनिल कुमार सिंह और सुपारी किलर भूरा को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेजा था।

केस - 2

17 वर्ष छोटी पत्नी को पसंद नहीं आए संजय कुमार
बिहारीपुर मेंमरान में रहने वाले संजय कुमार गुप्ता की हत्या उनकी पत्नी 2 जून 2022 को करा दी थी। बताया जाता है कि संजय की पत्नी की उम्र 23 वर्ष और संजय की उम्र 40 वर्ष थी। पत्नी का किसी दूसरे व्यक्ति से संबंध हो गया था। इसी दौरान संजय के मकान का निर्माण शुरू हुआ और वह सुभाषनगर में किराए के मकान में रहने लगे थे। इसी दौरान उनकी हत्या कर दी गई थी।

केस - 3

घर पर हत्या करके पति को ले गई अस्पताल
इज्जतनगर ती आकांक्षा एन्क्लेव निवासी जोया अख्तर ने अपने पति जीशान अख्तर की हत्या 2 अगस्त 2022 को 50 हजार रुपये की सुपारी देकर कराई थी। पुलिस को गुमराह करने के लिए वह जीशान को खुद जिला अस्पताल लेकर पहुंची थी। जीशान की बहन डॉ. उजमा खान को शक हुआ तो शव का पोस्टमार्टम कराया गया। इसके बाद परतें खुल गई। जोया, उसका प्रेमी और भाड़े के हत्यारे को पुलिस ने जेल भेज दिया।

केस- 4

शादी के 15 दिन बाद ही खून से रंगे हाथ
जोगी नवादा निवासी चांदनी की शादी सोनू सागर से हुई थी। शादी से 15 दिन बाद 25 नवंबर 2022 को सोनू का अचानक अपहरण हो गया। परिजनों ने उनकी पत्नी चांदनी, उसके प्रेमी अरविंद पर हत्या का शक जताते हुए थाना बारादरी में शिकायती पत्र दिया। इसके बाद पुलिस ने फतेहगंज पश्चिमी के पास एक नदी से सोनू का शव बरामद किया। इसके बाद पुलिस ने चांदनी, अरविंद समेत दो अन्य को जेल भेज दिया। सभी आरोपी अभी जेल में हैं।

केस - 5

फेसबुक पर मिले प्रेमी से मरवा दिया पति को
कैंट के गांव कांधरपुर निवासी रोहित का शव परगवां गांव के नजदीक 7 जनवरी को सुबह पड़ा मिला था। रोहित की गला काटकर हत्या की गई थी। पुलिस को मृतक की पत्नी आरती पर शक हुआ तो पूछताछ की गई। तब पता चला कि दो महीने पहले आरती की अनुज पटेल नाम के युवक से फेसबुक के जरिए दोस्ती हुई थी। आरती और अनुज को जब अपने बीच रोहित बाधक बनता दिखा तो उसकी हत्या की साजिश रच डाली। आरती के कहने पर अनुज ने अपने दोस्त के साथ रोहित की हत्या कर दी और शव फेंक दिया।

ये भी पढ़ें- बरेली: लोक अदालत में मध्यस्थता के जरिए अधिक मामले निपटाने पर जोर

संबंधित समाचार