अमरोहा : चार गांव के लोगों ने रोकी नहर की खोदाई, कई थानों की पुलिस ने संभाला मोर्चा
चार गुना मुआवजा दिए जाने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने दिखाए तीखे तेवर, जानकारी होने पर उच्चाधिकारी मौके पर पहुंचे, ग्रामीणों को समझाया, डीएम ने बुधवार को बुलाई बैठक
खोदाई के लिए प्रशासन द्वारा तैयार जेसीबी मशीनें।
अमरोहा, अमृत विचार। चार गुना मुआवजा दिए जाने की मांग को लेकर कई गांव के ग्रामीणों ने नहर खोदने के लिए लाई गईं जेसीबी को रोक दिया। इतना ही नहीं, उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर चार गुना मुआवजा दिए बिना नहर खोदने की कोशिश की गई तो चारों गांव के लोग इसका विरोध करेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया है कि बिना मुआवजा लिए वह यहां खोदाई का कार्य नहीं होने देंगे।

बता दें कि विकास खंड जोया के गांव मोहनपुर, घंसूरपुर, रामपुर घना में नहर निकालने के लिए वर्ष 2008 में भूमि अधिग्रण की गई है। जबकि ग्रामीणों का आरोप है कि उनके संज्ञान में लाए बिना भूमि किस कानून के तहत अधिग्रहित की गई है। इस बात को लेकर चारों गांव के ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है। सोमवार को जैसे ही ग्रामीणों को नहर खोदने के लिए जेसीबी चलाने की जानकारी हुई, वह तुरंत मौके पर पहुंच गए। उन्होंने जेसीबी चलने का विरोध किया तथा सर्किल रेट से चार गुना मुआवजा देने की बात कही। बताया जाता है कि उन्होंने मामले की जानकारी उच्चाधिकारियों को दी।
देखते ही देखते वहां कई थानों की पुलिस वहां बुला ली गई। नगर के लिए भूमि की खोदने करने वाले अधिकारी व कर्मचारियों का कहना था कि भूमि तो वर्ष 2008 में ही अधिग्रहित कर ली गई है। विरोध करने वालों ने सवाल किया कि बिना विश्वास में लिए किस आधार पर भूमि को अधिग्रहित किया गया है। इस सवाल का जवाब देने तथा ग्रामीणों को संतुष्ट करने के लिए कोई भी तैयार नहीं था। मामले की जानकारी होने पर सीओ सिटी ,अपर पुलिस अधीक्षक और अपर जिलाधिकारी मौके पर पहुंच गए। पूरा मामला जिलाधिकारी के संज्ञान में लाया गया।
विरोध कर रहे ग्रामीणों का कहना है कि जिलाधिकारी ने बुधवार को इस समस्या के समाधान के लिए बैठक बुलाई है। इस बैठक में कोई समाधान निकलने की संभावना व्यक्त की जा रही है। इस मौके पर रामवीर सिंह, दानवीर सिंह, धर्मेद्र, मोहन, कुलदीप सिंह, शीशपाल सिंह, मुकेश कुमार, रामपाल सिंह, मनोज, राजीव आदि मौजूद रहे।
बता दें कि इससे पहले भी शनिवार को कई ग्रामीणों ने लोक लेखा समिति के सभापति, सदर विधायक महबूब अली से मिलकर शिकायत की थी कि नहर के लिए भूमि अधिग्रहित करने के बदले सर्किल रेट के चार गुना मुआवजा देने में अधिकारी आनाकानी कर रहे हैं। तब श्री अली ने संबंधित अधिकारियों से बातचीत कर सर्वमान्य हल निकालने की बात कही थी। अधिकारियों ने उचित समाधान निकालने का आश्वासन दिया था। लेकिन, सोमवार को संबंधित अधिकारी बिना तैयारी के ही नहर के लिए खोदाई करने पहुंच गए। जिसके कारण उन्हें विरोध का सामना करना पड़ा।
ये भी पढ़ें:- अमरोहा: गजरौला में दो दिन से लापता बालक की हत्या, पुराने मंदिर के पास पड़ा मिला शव
