शाहजहांपुर: इंस्पेक्टर को लेकर कटरा-तिलहर विधायक आमने-सामने
कटरा विधायक ने खोला मोर्चा तो तिलहर से सलोना ने दी क्लीन चिट
शाहजहांपुर/तिलहर। अमृत विचार। भाजपा से कटरा विधायक वीर विक्रम सिंह प्रिंस ने प्रभारी निरीक्षक, तिलहर राजकुमार शर्मा पर अवैध टैक्सी स्टैंड चलवाकर वसूली करने का आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत की है। वहीं तिलहर से बीजेपी विधायक सलोना कुशवाहा ने न सिर्फ तिलहर इंस्पेक्टर को क्लीन चिट दी है, बल्कि थाना निगोही और सिंधौली पुलिस अधिकारियों की भी तारीफ की है।
ये भी पढ़ें - शाहजहांपुर: परीक्षा पे चर्चा से पहले 14 जनवरी को होगी आर्ट एंड पेंटिंग प्रतियोगिता
सीएम पोर्टल पर कटरा विधायक वीर विक्रम सिंह ने अपने पत्र में लिखा है कि तिलहर इंस्पेक्टर क्षेत्र में अवैध प्राइवेट टैक्सी स्टैंड का संचालन कराकर वसूली करा रहे हैं। प्रभारी निरीक्षक अवैध बस अड्डे का संचालन, मीट की दुकानों से वसूली कर व्यापारियों और दुकानदारों को परेशान कर रहे हैं। विधायक ने इंस्पेक्टर पर जनता और जनप्रतिनिधियों से अशोभनीय भाषा में बात करने सहित संगीन आरोप लगाए हैं। विधायक ने इंस्पेक्टर की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग करते हुए कार्रवाई का अनुरोध किया है।
मेरे क्षेत्र में कहीं वसूली नहीं हो रही: सलोना: तिलहर विधानसभा क्षेत्र के तिलहर, निगोही और सिंधौली थाना क्षेत्रों में पुलिस अधिकारियों द्वारा अच्छा काम किया जा रहा है। वसूली, अवैध टैक्सी स्टैंड अथवा अवैध कोई भी उनके क्षेत्र में काम नहीं हो रहा है।
तिलहर कोतवाली प्रभारी राजकुमार शर्मा ने अपना चार्ज संभालते ही क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाने के साथ ही नगर को जाम जैसी भीषण समस्या से निजात दिलाई, जिससे नगरवासी दशकों से परेशान थे। राजकुमार शर्मा अपने पास आने वाले हर फरियादी की समस्या को सुनकर गंभीरता उनकी समस्या का निस्तारण करते हैं। उन पर लगाए आरोप निराधार हैं।
अपने बचाव में फर्जी बयानवाजी करा रहे इंस्पेक्टर - प्रिंस: मुख्यमंत्री पोर्टल पर इंस्पेक्टर, तिलहर राजकुमार शर्मा के कारनामों की शिकायत की है। क्योंकि क्षेत्र में जमकर वसूली कर गलत कामों को बढ़ावा दिया जा रहा है। सीएम पोर्टल पर शिकायत पर उच्चस्तरीय जांच शुरू हो गई है।
इसके बाद भी इंस्पेक्टर मनमानी पर उतारू हैं। उनके व्यवहार से क्षेत्रीय जनता, व्यापारी और जनप्रतिनिधि सभी परेशान हैं। वहीं उनकी शिकायत के बाद अपने व्यवहार में परिवर्तन लाने के बजाय इंस्पेक्टर अपने पक्ष में बयानवाजी करवा रहे हैं। ऐसे अधिकारी को कोतवाली का प्रभारी नहीं होना चाहिए।- वीर विक्रम सिंह प्रिंस, विधायक-कटरा।
विधायक वीर विक्रम सिंह उनसे नाराज हैं, जबकि मैं लोगों की समस्याओं के निस्तारण के साथ ही अपराधियों पर अंकुश लगाने के लिए निरंतर प्रयासरत हूं। विधायक की भावनाओं का भी पूरी तरह से आदर करता हूं। मेरे ऊपर लगाए गए आरोप निराधार हैं। - राजकुमार शर्मा, प्रभारी निरीक्षक-तिलहर।
विधायक वीर विक्रम सिंह द्वारा थाना प्रभारी की शिकायत की जांच की जा रही है। सभी पहलुओं पर विस्तृत जांच कर रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजी जाएगी। - बीएस वीर कुमार, सीओ-तिलहर
ये भी पढ़ें - शाहजहांपुर: आप ने उठाई मांग, ई-रिक्शा चालकों का न छीना जाए रोजगार
