बरेली: एनक्यूएएस सर्वे शुरू, अफसरों की अटकी रहीं सांसें
जिला महिला अस्पताल में नेशनल क्वालिटी एश्योरेंस स्टैंडर्ड की टीम निरीक्षण करने पहुंची
बरेली, अमृत विचार। नेशनल क्वालिटी एश्योरेंस स्टैंडर्ड (एनक्यूएएस) की टीम ने सोमवार को जिला महिला अस्पताल में दस्तक दी। पहले दिन अस्पताल का भौतिक सत्यापन किया गया। दो सदस्यीय टीम ने सुबह 10 बजे से शाम तक अस्पताल में घूमकर व्यवस्थाएं परखीं।
टीम में शामिल मध्य प्रदेश से आए डा. संजय जैन और जबलपुर से आए डा. अरविंद जायसवाल ने हेल्प डेस्क पर आने वाले मरीजों की शिकायतों का फीडबैक, एसएनसीयू और ऑपरेशन थियेटर, लेबर रूम आदि का निरीक्षण किया। टीम मंगलवार को अस्पताल के दस्तावेजों की जांच करेगी। इस दौरान अफसरों के सांसें अटकी रहीं। टीम की रिपोर्ट के आधार पर ही अस्पताल की रैंकिंग तय की जाएगी।
टीम के आने से पूर्व ही व्यवस्थाएं चाक चौबंद
टीम के आने की जानकारी लगते ही अस्पताल में जगह जगह डस्टबिन, संकेतक बोर्ड, योजनाओं और जागरूकता संबंधी पोस्टर लगा दिए गए। इतना ही नहीं ओपीडी परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों को भी दुरुस्त करा लिया गया। अस्पताल का पूरा स्टाफ ड्रेस कोड में नजर आया।
पास हुए तो मिलेगा सर्टिफिकेट
जिला महिला अस्पताल की सीएमएस डा. अलका शर्मा ने बताया कि इससे पहले भी अस्पताल एनक्यूएएस के मानकों पर खरा उतर चुका है। इस वर्ष भी प्रयास किया गया है। पूरे स्टाफ का सहयोग रहा है। सर्वे पूर्ण होने के बाद अस्पताल को अंक दिए जाएंगे। गत वर्ष अस्पताल को 80 से अधिक अंक मिले थे। मानकों में पास होने पर अस्पताल को सर्टिफिकेट भी दिया जाएगा।
ये भी पढ़ें- बरेली: बीएलओ कार्य में लापरवाही पर बीएसए ने 57 कर्मचारियों का वेतन रोका
