अमरोहा : 2257 करोड़ के निवेश प्रस्ताव मिलने से जिला प्रशासन गदगद
अमरोहा जिला प्रशासन ने निवेशकों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की दी गारंटी
अमरोहा, अमृत विचार। गजरौला के हवेली रेस्टोरेंट में मंगलवार को आयोजित जिला स्तरीय इंवेस्टर्स समिट में निवेशकों ने दिल खोलकर निवेश करने के प्रस्ताव दिए। जिलाधिकारी बाल कृष्ण त्रिपाठी की अध्यक्षता में समिट में नोएडा, दिल्ली, बिजनौर व अमरोहा सहित विभिन्न जिलों के इंवेस्टर्स जिसमें कामाक्षी पेपर मिल 50 करोड़, एसी ब्रदर्स 30 करोड़, सीएल गुप्ता 50 करोड़, जुबिलेंट 50 करोड़, बेस्ट क्रॉप साइंस 85 करोड़, आरएसीएल 250 करोड़ सहित अन्य विभिन्न 38 कंपनियों के निवेशकों ने प्रतिभाग कर जनपद में 2257 करोड़ रुपए का इन्वेस्टमेंट करने का प्रस्ताव दिया ।
इस अवसर पर डीएम बाल कृष्ण त्रिपाठी ने सभी इन्वेस्टर्स का स्वागत के साथ जनपद के वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोजेक्ट के रूप में चयनित ढोलक व प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। कहा कि आप सबके इन्वेस्ट करने से अवश्य ही जनपद में निवेश की संभावनाएं बढ़ेंगी और जनपद अमरोहा एक उद्योग का हब बन कर उभरेगा। कहा कि हस्तिनापुर सेंचुरी की भी अब कोई समस्या नहीं रही है। जनपद के 75 गांव हस्तिनापुर की सीमा से बाहर कर दिए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने कहा कि निर्भीक होकर उद्यम लगाएं। कहा कि हसनपुर, धनौरा, नौगांवा में नए थानों को बनाने के लिए भी प्रस्ताव किया गया है। इन्वेस्टर्स के लिए अपर पुलिस अधीक्षक को नोडल अधिकारी बनाया गया है।
इससे पूर्व जिलाधिकारी बालकृष्ण त्रिपाठी, सीडीओ चन्द्र शेखर शुक्ला, अपर जिला अधिकारी भगवान शरण, अपर जिलाधिकारी न्यायिक माया शंकर यादव, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट प्रतिभा सिंह ने मां सरस्वती की मूर्ति पर माल्यार्पण कर दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का आरंभ किया।
कन्या गुरुकुल चोटीपुरा महाविद्यालय की बालिकाओं द्वारा स्वागत गीत की मनमोहक धुन हारमोनियम के साथ प्रस्तुत की गई। आयुक्त मुरादाबाद मंडल आन्जनेय कुमार सिंह ने भी ऑनलाइन जुड़कर कार्यक्रम में प्रतिभाग करने वाले सभी उद्यमियों को बधाई दी। कहा कि एक सप्ताह में सभी कार्यों का निस्तारण किया जा सकेगा।
ये भी पढ़ें:- अमरोहा : सड़क पर मिला ट्रक चालक का शव, हत्या की आशंका
