बरेली: एक साथ दो डिग्री करने वाले छात्र हो रहे परेशान
माइग्रेशन और लीविंग सर्टिफिकेट न मिलने की शिकायतें यूजीसी के पास पहुंचीं
बरेली, अमृत विचार। नई शिक्षा नीति के तहत छात्र एक साथ दो डिग्री पाठ्यक्रमों की पढ़ाई कर सकते हैं। इस संबंध में यूजीसी की ओर से स्पष्ट दिशा-निर्देश भी जारी किए गए थे लेकिन दो डिग्री करने वाले छात्रों को कई समस्याएं हो रही हैं। इनमें माइग्रेशन और लीविंग सर्टिफिकेट न मिलना प्रमुख हैं। प्रमाणपत्र न मिलने से छात्रों को प्रवेश लेने में भी दिक्कतें हो रही हैं। यूजीसी ने छात्रों की समस्याओं को देखते हुए सभी विश्वविद्यालयों को निर्देश दिए हैं कि वह डिवाइस फेसिलिएटिव मैकेनिज्म तैयार करें ताकि छात्रों को प्रमाणपत्र मिलने में कोई दिक्कत न हो।
यूजीसी ने 13 अप्रैल 2022 को छात्रों को एक साथ दो डिग्री प्रोग्राम करने के संबंध में दिशा-निर्देश जारी किए थे। विश्वविद्यालयों को छात्र हित में इसे लागू करने के लिए कहा था। इसके अलावा 30 सितंबर 2022 को भी दिशा-निर्देश जारी किए थे, जिसमें एक मैकेनिज्म तैयार करने के लिए कहा था ताकि छात्रों को कोई दिक्कत न हो। इसके बावजूद यूजीसी के पास छात्रों की समस्याएं पहुंच रही हैं। इसमें प्रमाणपत्र जारी न होने की समस्या ही प्रमुख है।
ये भी पढ़ें- बरेली: तीन बाइकों पर 14 हुड़दंगी युवकों को पुलिस ने थाने बुलाकर छोड़ा
