अजमल ‘भाजपा के मुखपत्र’, उनका संप्रग से कोई लेनादेना नहीं: कांग्रेस
नई दिल्ली। कांग्रेस ने ऑल इंडिया यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (एआईयूडीएफ) के नेता बदरुद्दीन अजमल के एक कथित बयान को लेकर बुधवार को उन पर पलटवार किया और आरोप लगाया कि वह भी असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी ‘ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन’ (एआईएमआईएम) की तरह ‘भारतीय जनता पार्टी के एक मुखपत्र’ हैं।
यह भी पढ़ें- हरियाणवियों में ही पक्षपात कर रही सरकार: सैलजा
पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने यह भी कहा कि अजमल कुछ भी दावा करें, लेकिन अब उनका संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) से कोई लेनादेना नहीं है। मीडिया की कुछ खबरों के अनुसार, अजमल ने पिछले दिनों आरोप लगाया था कि असम में कांग्रेस के नेता मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा से रात के समय ‘पैकेट’ लेते हैं।
रमेश ने बुधवार को एक बयान जारी कर कहा, ‘‘सांसद बदरुद्दीन अजमल ने असम में कांग्रेस नेतृत्व के खिलाफ पूरी तरह से अस्वीकार्य और बकवास बयान दिया है। यह स्पष्ट रूप से अपमानजनक है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘यह सच है कि पिछला विधानसभा चुनाव कांग्रेस और एआईयूडीएफ ने मिलकर लड़ा था। यह फैसला करना कांग्रेस के लिए आसान नहीं था।
लेकिन यह फैसला इस विश्वास के साथ किया गया कि अजमल एक भरोसेमंद साथी साबित होंगे तथा प्रदेश और देश में धर्मनिरपेक्ष ताकतों को मजबूत करेंगे।’’ कांग्रेस नेता ने दावा किया, ‘‘चुनाव नतीजों के बाद स्पष्ट हो गया है कि अजमल ने असम के मुख्यमंत्री की सहमति से काम किया। दोनों ने आपस में सिर्फ इसी मकसद से रिश्ता बनाया कि कांग्रेस और उसके नेतृत्व को बदनाम किया जाए।’’
रमेश ने कहा कि देश में राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ और असम में अलग से निकाली गई ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के बाद मुख्यमंत्री और अजमल कांग्रेस पर हमला कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि अजमल कुछ और नहीं, बल्कि एआईएमआईएम जैसी कुछ पार्टियों की तरह ही भाजपा के मुखपत्र हैं। कांग्रेस महासचिव ने यह भी कहा कि अब अजमल का संप्रग के साथ कोई लेनादेना नहीं है।
यह भी पढ़ें- चीफ जस्टिस वराले ने MBBS छात्रों काे लगाई कड़ी फटकार
