किच्छा: सड़क हादसे में महिला की मौत, पति घायल
किच्छा, अमृत विचार। अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार दंपत्ति घायल हो गए। घटना के बाद सड़क के बीच गिरी गर्भवती महिला को पीछे से आ रहे वाहन ने कुचल दिया। तीन माह की गर्भवती महिला की दुर्घटना में मौत हो गई। हादसे की सूचना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जानकारी के अनुसार मूल रूप से पीलीभीत के ग्राम अटकटा, थाना बरखेड़ा निवासी रवि कुमार रुद्रपुर के ट्रांजिट कैंप क्षेत्र स्थित ठाकुर नगर में परिवार के साथ रहता है। बताया जा रहा है कि बीती देर शाम रवि कुमार पीलीभीत से अपनी पत्नी सरिता को दवाई दिलवा कर बाइक से रुद्रपुर वापस लौट रहा था।
पुलभट्टा थाने के निकट रवि की बाइक को अज्ञात वाहन ने साइड मार दी। घटना में बाइक पर पीछे बैठी रवि की पत्नी सरिता अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई और रवि भी आगे जाकर बाइक सहित गिर गया। इसी बीच पीछे से आ रहे वाहन ने सरिता को कुचल दिया, जिससे सरिता की मौके पर मौत हो गई। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने 108 एंबुलेंस के माध्यम से महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भिजवा दिया।
परिजनों के अनुसार मृतका सरिता तीन माह की गर्भवती थी और पीलीभीत से दवाई लेकर पति के साथ रुद्रपुर लौट रही थी। महिला की मौत की सूचना से परिजनों में कोहराम मच गया और तमाम परिजन पोस्टमार्टम हाउस पहुंच गए।
