लखनऊ : घने कोहरे से ढकी राजधानी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मंगलवार रात से बुधवार सुबह तक लखनऊ व आसपास के शहरों में दिखा बेहद घना कोहरा

लखनऊ। राजधानी लखनऊ समेत पूरे प्रदेश में शीतलहर समाप्त हो चुकी है, पर कोहरे और गलन से राहत नहीं मिल रही है। दिन-ब-दिन कोहरे का प्रकोप बढ़ता ही जा रहा है। बीते मंगलवार की रात बेहद घने कोहरे में राजधानी ओझल नजर आई। आलम ये था कि महज दो मीटर का नजारा भी बेहद धुंधला था। इस सर्दी के मौसम में पहली बार ऐसा घना कोहरा देखने को मिला।

खिली धूप से 1.3 डिग्री बढ़ा अधिकतम तापमान

सुबह घने कोहरे के प्रकोप के बाद दोपहर में राजधानीवासियों को खिली धूप के दर्शन हुए। धूप के कारण अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी हुई, हालांकि न्यूनतम तापमान जस का तस बना रहा। बुधवार को शहर का अधिकतम तापमान 1.3 डिग्री की बढ़त के साथ 16 डिग्री और न्यूनतम तापमान 0.1 डिग्री सेल्सियस की आंशिक गिरावट के साथ 6.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।

पांच दिनों तक छाये रहेंगे बादल, आज व कल बारिश के आसार

आंचलिक विज्ञान केंद्र के क्षेत्रीय निदेशक मो. दानिश ने बताया कि वायुमंडल की मध्य सतह में पश्चिमी विक्षोभ होने के कारण पश्चिमी हिमालय के तराई क्षेत्रों में जोरदार बारिश हो रही है। इसके प्रभाव में आगामी पांच दिनों तक लखनऊ व आसपास के इलाकों में दिन के अधिकांश समय आंशिक बादल छाये रहेंगे व सुबह के समय में आंशिक कोहरा देखने को मिलेगा। वहीं गुरुवार व शुक्रवार को राजधानी में आंशिक बूंदाबांदी या हल्की बारिश हो सकती है।

बादल छंटते ही फिर से गिरेगा पारा

मो. दानिश ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के कारण 13 जनवरी तक प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश की संभावना रहेगी। पर पश्चिमी विक्षोभ का असर खत्म होते ही बारिश थमेगी और बादल छंटेंगे। इसके साथ ही उत्तर-पश्चिमी सर्द हवाएं बढ़ने लगेंगी और इंडो-गैगेंटिक सतह पर फिर से नमी बढ़ेगी। इससे लखनऊ समेत पूरे यूपी में एक बार फिर से तापमान में तेजी से गिरावट होगी और गलन-कोहरा बढ़ेगा।

ये भी पढ़ें : लखनऊ : केजीएमयू डॉक्टर नहीं लिख सकेंगे बाहर की दवा

संबंधित समाचार