मेरठ: भाकियू कार्यकर्ताओं से अभद्रता पड़ी भारी, अधिशासी अधिकारी का हुआ स्थानांतरण

Amrit Vichar Network
Published By Vishal Singh
On

मेरठ, अमृत विचार। दौराला फ्लाईओवर के नीचे चल रहे भारतीय किसान यूनियन के धरने में कार्यकर्ताओं से अभद्रता नगर पंचायत दौराला के अधिशासी अधिकारी को भारी पड़ी। गुरुवार को शासन ने अधिशासी अधिकारी का स्थानांतरण कर दिया। 

दौराला में कई वर्षों से थे टिके
दौराला नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी शैलेंद्र सिंह पिछले कई वर्षों से दौराला नगर पंचायत में टिके हुए थे। इस दौरान उन पर विभिन्न आरोप लगे। विकास कार्यों में धांधली, कमीशन खोरी, कूड़ा गाड़ी को अपने निजी उपयोग में लेना, कमीशन मांगने की ऑडियो वायरल आदि उन पर आरोप लगे थे। इस मामले में उनकी जिले से लेकर लखनऊ तक शिकायत की गई। परंतु, शासन द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की गई। जिस कारण नगर पंचायत के लोगों में उनके प्रति रोष व्याप्त था। 

1cb26123-2eca-4ff0-aad4-a04cf4b3ca93

भाकियू कार्यकर्ताओं ने लगाया था अभद्र भाषा से बोलने का आरोप
भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ताओं ने आवारा पशुओं को लेकर दौराला फ्लाईओवर के नीचे धरना शुरू किया था। एसडीएम सरधना ने वार्ता के दौरान अधिशासी अधिकारी शैलेंद्र सिंह को बुलाया तो कार्यकर्ताओं ने उन पर अभद्र भाषा का प्रयोग करने का आरोप लगाया। वहीं, उन पर नगर पंचायत की कूड़ा गाड़ी को अपने निजी उपयोग में चलाने का आरोप लगाते हुए गाड़ी की चाबी छीन ली थी। तभी से लगातार कार्यकर्ता उनके स्थानांतरण की मांग कर रहे थे। बुधवार को कार्यकर्ताओं ने अधिशासी अधिकारी का पुतला भी फूंका था। जहां, धरना समाप्त होने के आसार बन रहे थे। वहीं, अधिशासी अधिकारी के अभद्र भाषा से बोलने पर धरना अनिश्चितकालीन के लिए हो गया था।

शासन ने की कार्रवाई, लोनी किया स्थानांतरण
 गुरुवार को इस मामले में शासन ने कार्रवाई करते हुए उनका स्थानांतरण कर दिया। विशेष सचिव धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने उनका गाजियाबाद के लोनी में स्थानांतरण करते हुए लेटर जारी किया। उनके स्थानांतरण होने पर भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ताओं में खुशी का माहौल है। उन्होंने कहा अभी तो सिर्फ एक मांग पूरी हुई है, जल्द ही अन्य मांगों को लेकर भी प्रशासन पर दबाव डाला जाएगा। जारी किए गए लेटर में तत्काल प्रभाव से उनके स्थानांतरण की बात कही गई है।

ये भी पढ़ें- मेरठ: पुलिस मुठभेड़ में 50 हजार का इनामी ढेर, डकैती की घटना में था वांछित

संबंधित समाचार