बरेली: आय की गणना लगाई, मगर ऑटो चालकों से टैक्स की वसूली नहीं कराई
वित्तीय वर्ष समाप्ति के ढाई माह बचे तो नगर निगम के अफसरों की टूटी नींद
बरेली, अमृत विचार। नगर निगम के जिम्मेदार आय की गणना करते रहे, मगर ऑटो चालकों से टैक्स की वसूली नहीं कराई। अब जब वित्तीय वर्ष समाप्ति के ढाई माह बचे तो अफसरों की नींद टूटी और इसकी सुध ली। ऐसे में सवाल है कि क्या इतने कम समय में सात लाख वसूली लक्ष्य को पूरा कर लिया जाएगा। शहर में पांच हजार ऑटो व नौ हजार ई रिक्शा रजिस्टर्ड हैं।
शहर में आटो चालकों से निगम वार्षिक शुल्क वसूल करता है, लेकिन पिछले दस माह से इस मद में एक रुपया भी वसूला नहीं गया है। यह हाल तब है जब पुनरीक्षित बजट में इस मद में अफसरों ने सात लाख रुपये आय होना दर्ज किया है। साल भर में की गई वसूली को निगम अपनी आय में गणना करता है, लेकिन पिछले दस माह में निगम के अफसरों ने इस मद में वसूली की समीक्षा ही नहीं की। इसको लेकर कर्मचारियों के साथ बैठक भी नहीं की गई। वित्तीय वर्ष समाप्ति की ओर है। इस मद में कोई आय नहीं होने की जानकारी नगर आयुक्त को अफसरों ने दी है।
नगर आयुक्त निधि गुप्ता वत्स ने कहा कि ऑटो नगर निगम सीमा में चल रहे हैं। निगम की सड़क का प्रयोग कर रहे हैं। पर्यावरण को प्रभावित कर रहे हैं। उस प्रभाव को कम करने के लिए निगम अपने संसाधनों से यथा संभव प्रयास कर रहा है। इसलिए टैक्स देना तो बनता है। उन्होंने अफसरों से कहा कि इस मद में पहले वसूली होती थी तो अब क्यों नहीं हो रही है। इसका पता करके बताएं और निगम का जो भी विभाग इस वसूली को करता आया है, वही इस काम को करे।
नगर आयुक्त को बताया गया कि वित्तीय वर्ष 21-22 में 44 हजार 573 रुपये की वसूली हुई थी। वित्तीय वर्ष 22-23 में इस मद में 7 लाख रुपये की आय होने का अनुमान लगाया गया है। आय की इस राशि को नगर निगम के पुनरीक्षित बजट में ही दर्शाया गया है, लेकिन इस आय को प्राप्त करने के लिए अफसरों ने कोई प्रयास नहीं किया है। अफसरों के लापरवाह रवैये से निगम की आय का एक साधन समाप्ति की ओर बढ़ रहा है।
आरटीओ में जितने आटो रजिस्टर्ड हैं। उनका ब्यौरा लेकर वसूली करवाई जाएगी। निगम की यह वसूली पिछले साल तक हो रही थी तो अब क्यों नहीं हो रही है। अफसरों को वसूली कर लक्ष्य पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं-निधि गुप्ता वत्स, नगर आयुक्त।
ये भी पढ़ें- बरेली: पीएम मोदी के चर्चित मिशन परीक्षा पे चर्चा कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे परीक्षार्थी
