बदायूं: किराना व्यापारी के घर बदमाशों ने बोला धावा, बंधन बनाकर चार लाख का माल लेकर फरार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कोतवाली उझानी क्षेत्र के मोहल्ला न्यू अहिरटोला के घर में घुसे बदमाश

अमृत विचार। गुरुवार की रात असलाहधारी चार बदमाशों ने किराना व्यापारी को परिवार समेत उसके घर में बंधक बनाया। डेढ़ घंटे तक लूट की। पीड़ित व्यापारी के अनुसार नकदी समेत तकरीबन चार लाख रुपये का सामान लूटकर फरार हो गए। पीड़ित की ओर से तहरीर दी गई है। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।

थाना मूसाझाग क्षेत्र के गांव गुलड़िया निवासी धर्मपाल साहू के बेटे अजय साहू बरेली-मथुरा राजमार्ग पर कोतवाली उझानी क्षेत्र के मोहल्ला नई बस्ती अहिरटोला में रहते हैं। वह किराना व्यापारी हैं। उन्होंने अपनी दुकान के बेसमेंट में हॉल बनवाया है। जहां वह परिवार के साथ रहते हैं और ऊपर दुकान चलाते हैं।

गुरुवार की शाम वह दुकान बंद करके घर में परिवार के साथ सोए थे। रात लगभग पौने दो बजे दुकान के पीछे निर्माणाधीन मकान से सीढ़ी लगाकर चार बदमाश उनके घर की छत पर आए। जीने का ताला तोड़कर घर में दाखिल हो गए। आरोप है कि बदमाशों ने अजय साहू, उनकी पत्नी अलका और दो वर्ष के बेटा दिव्यांश को गन प्वाइंट पर ले लिया। शोर मचाने या कुछ बोलने पर जान से मारने की धमकी दी। अजय साहू से कमरे में रखी अलमारी की चाबियां ली।

बदमाश अलमारी और दुकान में रखे लगभग 60 हजार रुपये, सोने की एक चेन, सोने का एक मंगलसूत्र, दो जोड़ी कुंडल, एक जोड़ी पाजेब, चांदी के सात सिक्के, एक एलईडी, दो कट्टे व दो थैले दुकान का सामान लेकर लगभग साढ़े तीन बजे चुप रहने की धमकी देकर पीछे के दरवाजे से फरार हो गए। बदमाशों के जाने पर अजय साहू ने फोन करके अपने पिता धर्मपाल साहू को घटना की जानकारी दी। पिता मौके पर पहुंचे और डायल 112 को फोन करके बुलाया।

रात में ही उझानी सीओ शक्ति सिंह और कोतवाली उझानी के प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार मौके पर पहुंचे। मौका मुआयना किया। जल्द ही घटना का खुलासा करने का आश्वासन दिया। अजय साहू की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है। प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार ने बताया कि व्यापारी के घर से चोरी हुई है। रिपोर्ट दर्ज करने के बाद जांच की जा रही है। जल्द ही खुलासा किया जाएगा।

लगातार घटनाएं और खुलासा किसी का भी नहीं
कोतवाली उझानी क्षेत्र में चोरी की घटनाएं नहीं रुक पा रही हैं। क्षेत्र में चोरी की घटनाएं लगातार हो रही हैं और खुलासा किसी का भी नहीं हुआ है। तकरीबन एक वर्ष पहले अजय साहू की दुकान के आसपास राठौर धर्म कांटा, भारत बैट्री, रामबाबू हार्डवेयर, ओम प्रकाश पाइप स्टोर से लाखों की चोरी हो चुकी है।

बदायूं रोड स्थित एक बैंकट हॉल से शादी समारोह के दौरान आभूषण समेत हुई लाखों की चोरी हुई थी। बिल्सी रोड पर लालमन की पुलिया के पास शिक्षक यूके मिश्रा के घर में दिन-दहाड़े आभूषण समेत लगभग 20 लाख की चोरी, दिल्ली राजमार्ग पर गांव कुडा नरसिंहपुर के पास अंकित महेश्वरी इलेक्ट्रॉनिक की दुकान से सामान समेत लगभग छह लाख चोरी हो चुकी है। इन चोरी की घटनाओं का आज तक खुलासा नहीं हो सका है। स्थानीय लोगों के अनुसार पुलिस चाकू, छुरी, अवैध शराब से जुड़े आरोपियों पर कार्रवाई करके अपनी पीठ थपथपा रही है।

यह भी पढ़ें- बदायूं: संरक्षित वन्य जीव के शिकार के आरोप में तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज

संबंधित समाचार