अयोध्या: Server में उलझा मनरेगा मॉनिटरिंग सिस्टम, नहीं काम करता है App
न मिल पा रही है मजदूरी, न हो पा रही है फोटो अपलोड
अमृत विचार, अयोध्या। नेशनल मोबाइल मॉनिटरिंग सिस्टम (एनएमएमएस) एप में सर्वर की दिक्कत से मनरेगा मजदूरों की हाजिरी लगने में परेशानी हो रही है। कहीं एप न खुलने तो कहीं फोटो अपलोड न होने से समस्या सामने आ रही है। जिसके कारण मजदूरों को मजदूरी का भुगतान नहीं हो पा रहा है।
शासन ने व्यक्तिगत कामों को छोड़कर एनएमएमएस ऐप से ही मनरेगा मजदूरों की हाजिरी लगने और फोटो अपलोड के निर्देश हैं। सभी ग्राम पंचायतों में संबंधित को एप डाऊनलोड भी करा दिया गया है पर अभी एप का संचालन सही से नहीं हो रहा है। विकासखंड पूरा बाजार के 54 पंचायतों में मनरेगा मजदूरों की हाजिरी भरने के लिए ऐप तो लगा दिया गया है लेकिन हाजिरी भरना संभव नहीं हो पा रहा है। ग्राम पंचायत रसूलाबाद की प्रधान ट्विंकल देवी ने बताया कि कभी फोटो लोड नहीं होता कभी सर्वर डाउन हो जाता है। 10 बजे से पहले तो कभी-कभी चलता है उसके बाद तो बंद ही हो जाता है मजदूरों की हाजिरी न लगने से उस दिन की मजदूरी मजदूरों को नहीं मिल पाती।
नरायनपुर के प्रधान राजेश कोरी ने बताया कि एप बंद है। बताया गया है कि सोमवार को चालू होगा। जब खुलता भी है तो सर्वर डाउन रहता है। प्रधान कछौली सूबेदार यादव ने बताया मनरेगा मजदूरों की हाजरी ऐप से नहीं लग पा रही है। कमोबेश यही हाल ब्लाक के सभी 54 ग्राम पंचायतों में लगे ऐप का है। इस बाबत एपीओ पूरा बाजार ज्योतिर्मयी गुप्ता से बात की गई तो उन्होंने बताया कि इधर सर्वर की काफी समस्या चल रही है जिसके कारण एप काम नहीं कर रहा है। पहले की तरह मस्टररोल से काम के लिए कहा गया है।
ये भी पढ़ें -लखनऊ में MLC चुनाव को लेकर बीजेपी की बड़ी बैठक जारी, कई विधायक और पदाधिकारी मौजूद
