बरेली: जेई की मनमानी से सात दिन से अंधेरे में बरौर गांव, हजारों उपभोक्ताओं को नहीं मिल पा रही बिजली
शिकायत के बाद भी जेई नहीं करा रहे समस्या का समाधान
बरेली, अमृत विचार। बरौर गांव में सर्दी के मौसम में भी एक सप्ताह से बिजली का संकट बना हुआ है। एक ट्रांसफार्मर फुंकने से सैकड़ों घरों की बिजली गुल हो रखी है। इसकी वजह से एक सप्ताह से ग्रामीण बिना बिजली के रहने को मजबूर हैं। मामला जेई के संज्ञान में होने पर भी वह समस्या का समाधान नहीं करा रहे हैं। शनिवार को अधीक्षण अभियंता के संज्ञान में मामला आया तो उन्होंने जल्द ही दूसरा ट्रांसफार्मर रखकर गांव में बिजली शुरू कराने के लिए निर्देश दिए।
बिजली विभाग के अधिकारी सरकार के 24 घंटे बिजली देने के दावे को पूरा नहीं होना देना चाह रहे हैं। नवाबगंज के बरौर गांव की आबादी करीब सात हजार है। गांव में बिजली की सप्लाई के लिए तीन ट्रांसफार्मर लगे हुए हैं। ग्रामीणों के अनुसार मुख्य बाजार में लगा ट्रांसफार्मर एक सप्ताह से फुंका है। जिसके चलते करीब 400 घरों में एक सप्ताह से बिजली की किल्लत बनी हुई है। कई बार इसकी शिकायत जेई से की गई, लेकिन जेई ग्रामीणों की बातों को टाल मटोल करते रहे। शनिवार को अधीक्षण अभियंता ग्रामीण अशोक कुमार चौरसिया के संज्ञान में मामला आने पर उन्होंने गांव में दूसरा बिजली का ट्रांसफार्मर भेजा। जल्द ही बिजली सप्लाई शुरू हो जाएगी।
आज इज्जतनगर और सिंधुनगर में गुल रहेगी बिजली
इज्जतनगर का जेल रोड फीडर पर आज दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक काम किया जाएगा। जिसके चलते करीब डेढ़ हजार घरों की बिजली 3 घंटे के लिए गुल रहेगी। अधिशासी अभियंता अनुज गुप्ता ने बताया कि सिविल लाइंस से सिंधू नगर तक स्मार्ट सिटी के काम को लेकर 12 से 3 बजे तक बिजली सप्लाई बाधित रहेगी।
ये भी पढ़ें- बरेली: अब सप्ताह में छह दिन होगा टीकाकरण, अधिकारियों ने लिया निर्णय
