गोंडा : रंगदारी न देने पर अयोध्या जल निगम के सहायक अभियंता को किया लहूलुहान
अभियंता के भाई के हास्पिटल में की तोड़फोड़, काउंटर से लूटे 2.20 लाख
गोंडा। परसपुर कस्बे के डेहरास मार्ग पर संचालित एक निजी हॉस्पिटल के संचालक से रंगदारी मांग रहे दबंगों ने विरोध करने पर अस्पताल संचालक के इंजीनियर भाई पर धारदार हथियार से हमला कर उसे लहूलुहान कर दिया। दबंगों ने हॉस्पिटल में भी तोड़फोड़ की और काउंटर से ₹2.20 लाख लूट ले गए। घायल अभियंता को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले में अभियंता के अस्पताल संचालक भाई की तहरीर पर पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ मारपीट और डकैती का मुकदमा दर्ज किया है।
परसपुर थाना क्षेत्र के रुद्रपुर विसेन गांव के रहने वाले हर्षवर्धन सिंह अयोध्या में जल निगम कार्यालय में सहायक अभियंता के पद पर कार्यरत हैं। उनके भाई सत्य वर्धन सिंह ने परसपुर के डेहरास मार्ग पर एक निजी अस्पताल खोल रखा है। हर्षवर्धन सिंह का कहना है कि कस्बे के ही कुछ लोग उनके भाई से रंगदारी की मांग कर रहे हैं। शनिवार को मकर संक्रांति के छुट्टी होने के चलते वह भी गांव आए थे और अस्पताल पर मौजूद थे। इसी बीच तीन दबंग अस्पताल पर रंगदारी मांगने के लिए पहुंच गए। जब उन्होंने इस बात का विरोध किया तो तीनों ने उन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया और उनके सिर पर वार कर उन्हें लहूलुहान कर दिया। दबंगों ने हॉस्पिटल में घुसकर तोड़फोड़ की और काउंटर में रखे ₹2.20 लाख लूट ले गए। घायल सहायक अभियंता को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है पुलिस ने सहायक अभियंता के भाई सत्य वर्धन की तहरीर पर राजा टोला परसपुर के रहने वाले चंदन सिंह संदीप सिंह वह विशाल सिंह के खिलाफ मारपीट, तोड़फोड़ और डकैती का मुकदमा दर्ज किया है। प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार सरोज ने बताया कि तीन आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है और उनकी तलाश की जा रही है।
