रामपुर में 250 करोड़ की लागत से लगेगी भारत की पहली एयरक्रीट फैक्ट्री
फैक्ट्री में तैयार होगी भवन निर्माण के लिए आधुनिक स्तर की सामग्री
रामपुर, अमृत विचार। मोदी होल्डिंग ग्रुप द्वारा 250 करोड़ रुपये की लागत से भारत की पहली एयरक्रीट फैक्ट्री रामपुर में लगाई जाएगी। एयरक्रीट फैक्ट्री में भवन निर्माण के लिए आधुनिक स्तर की निर्माण सामग्री तैयार कराई जाएगी। ग्रुप के डायरेक्टर उद्योगपति डा. बीके मोदी ने बताया कि इसके अलावा दो स्टील प्लांट भी लगवाए जाएंगे।
यह भी पढ़ें- रामपुर : पुलिस और गौ-तस्करों के बीच मुठभेड़, पैर में गोली लगने से दो बदमाश घायल
प्रत्येक प्लांट पर 30 से 40 करोड़ रुपये का खर्च आएगा। उन्होंने बताया कि 12.5 एकड़ फ्री होल्ड भूमि पर फैक्ट्रियां लगवाए जाने की कवायद तेज कर दी गई है। डा. मोदी रामपुर में उद्योग लगाने के संबंध में दौरा करके हेलीकाप्टर से रामपुर पहुंचे और हेलीकाप्टर से ही दिल्ली को रवाना हो गए।
मोदी होल्डिंग्स के मालिक डा. बीके मोदी ने शनिवार को दिल्ली हेड ऑफिस और ग्रुप के स्थानीय अधिकारियों की टीम को लगभग 250 करोड़ के प्रोजेक्ट को यथाशीघ्र शुरू करने के आदेश दिए हैं। इसके लिए तमाम औपचारिकताएं पूरी करने के लिए संबंधित विभागों में सम्पर्क करना शुरू कर दिया है।
डा. बीके मोदी ने कहा कि अब रामपुर के विकास का सही समय आ गया है। रामपुर को अब विश्व स्तर पर नया आयाम दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि शुरूआती चरण में तीन फैक्ट्री लगाने का खाका खींचा है। इसमें सबसे मुख्य एयरक्रीट की फैक्ट्री है, जिसमें लगभग ढ़ाई सौ करोड़ रुपये का निवेश किया जाएगा। यह फैक्ट्री भारत में प्रथम होगी, जिसमें भवन निर्माण के लिए आधुनिक स्तर की सामग्री तैयार की जाएगी। जिससे बहुत ही कम समय में बड़ी से बड़ी इमारत बनाई जा सकेगी। साथ ही यह तकनीक वजन में भी हल्की और भूकंपरोधी है।
90 करोड़ की लागत से मल्टीप्लेक्स का शुरू हुआ निर्माण
मोदी ग्रुप के डायरेक्टर डा. बीके मोदी ने बताया कि रामपुर में 90 करोड़ की लागत से मल्टीप्लेक्स और मॉल भी बनाया जाएगा, जिसमें मल्टीप्लेक्स बनाने का कार्य शुरू कर दिया गया है। स्टील और ग्लास बनाने के प्लांट भी लगाएं जाएंगे, जिनमें प्रत्येक प्लांट में लगभग 30 से 40 करोड़ रूपये का निवेश किया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रोजक्ट के दूसरे चरण में अन्य कई फैक्ट्री लगाने पर भी कार्य किया जा रहा है। प्रथम चरण के प्रोजेक्ट को पूरा करने के लिए दिल्ली और रामपुर की टीम को इसकी जिम्मेदारी सौंपी है।
फैक्ट्रियां फ्री-होल्ड जमीन पर लगाई जाएंगी। संबंधित विभागों में तमाम औपचारिकताएं पूरी करने के लिए सम्पर्क करना शुरू कर दिया है। चेयरमेन डा. बीके मोदी स्वयं समस्त क्रियाकलापों का जायजा ले रहे हैं। इसके लिए वह लगभग रोजाना जूम मीटिंग करके टीम को दिशा निर्देशन कर रहे है--- डॉ. सुमन तोमर, डायरेक्टर रामपुर प्रोजेक्ट
यह भी पढ़ें- रामपुर: बिजली विभाग की टीम पर हमला, लाइनमैन घायल
