बरेली: संसद भवन में भाषण देंगे बरेली कॉलेज के छात्र शारिक जैदी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नेताजी सुभाष चंद्र बोस जयंती पर संसद भवन में श्रद्धांजलि कार्यक्रम में देश से आठ युवाओं का हुआ है चयन

बरेली, अमृत विचार। बरेली कॉलेज के विधि द्वितीय सेमेस्टर के छात्र मो. शारिक शबाब जैदी ने बरेली के साथ ही पूरे प्रदेश का नाम रोशन किया है। उनका चयन नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती पर संसद भवन में होने वाले श्रद्धांजलि कार्यक्रम में भाषण देने के लिए हुआ है। विभिन्न प्रतियोगिताओं के बाद देश से 27 युवाओं का चयन हुआ, जिसमें आठ भाषण देंगे और 19 श्रोता होंगे। इन आठ युवाओं में शारिक का नाम भी शामिल है। वह प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे।

23 जनवरी को युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार और शिक्षा मंत्रालय भारत सरकार के संयुक्त तत्वाधान में संसद भवन में नेताजी सुभाषचंद्र बोस जयंती के अवसर पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम होगा। इसमें मो. शारिक नेताजी सुभाष चंद्र बोस के जीवन और विरासत की आजादी के अमृत काल में महत्व विषय पर भाषण देंगे।

भाषण के बाद सभी प्रतिभागियों को संसद भवन, प्रधानमंत्री संग्रहालय, राष्ट्रीय युद्ध स्मारक का शैक्षणिक भ्रमण भी कराया जाएगा। साथ ही 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस परेड शिविर को देखने का भी अवसर मिलेगा। उनका यह चयन नेहरू युवा केंद्र संगठन द्वारा आयोजित राष्ट्रीय स्तरीय भाषण प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर हुआ है। 

शारिक ने बरेली कॉलेज से बीए और बीएड की पढ़ाई की है। इससे पूर्व अनेक वाद-विवाद प्रतियोगिताओं में प्रदेश का प्रतिनिधित्व राष्ट्रीय स्तर पर कर चुके हैं। बरेली काॅलेज की ओर से 45 अंतर विश्वविद्यालीय वाद-विवाद प्रतियोगिताओं में उन्होंने प्रतिभाग किया है। उनकी इस उपलब्धि पर प्राचार्य डा ओपी राय, प्रो. एसी त्रिपाठी, डाा शुभ्रा कटारा, नेहरू युवा केंद्र की जिला युवा अधिकारी पुष्पा सिंह ने अग्रिम शुभकामनाएं दीं। शारिक के चयन पर उनके पिता शबाब अली जैदी और माता रूही कमर ने हर्ष व्यक्त किया।

ये भी पढ़ें- बरेली: बायोमेट्रिक सिस्टम के खिलाफ रेल कारखाना कर्मचारी लामबंद

 

संबंधित समाचार