जिले से जाने के बाद चर्चा में आए तत्कालीन ईओ

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

ठेकेदार ने लगाया कमीशन लेने और भुगतान न करने का आरोप

चित्रकूट। नगर पालिका परिषद के निवर्तमान अधिशासी अधिकारी रामअचल कुरील चर्चा में हैं। उन पर एक ठेकेदार ने काम के भुगतान के बदले एक बाबू के माध्यम से लगभग ढाई लाख रुपये कमीशन लिए जाने का आरोप लगाया है और इस संबंध में पुलिस अधीक्षक से शिकायत की है। 
नगर पालिका के ठेकेदार राजनरायण निवासी सरैया थाना मानिकपुर ने पुलिस अधीक्षक से की गई शिकायत में बताया है कि उसने नियमानुसार टेंडर डालकर काम किया था। जब उसने तत्कालीन अधिशासी अधिकारी रामअचल कुरील से काम पूरा होने पर भुगतान कराने का अनुरोध किया तो उन्होंने कैशियर से मिलकर अपना चेक लेने की बात कही।

उसका आरोप है कि जब उसने कैशियर से इस संबंध में बात की तो कैशियर ने कहा कि ईओ का तबादला हो चुका है। उसने पंद्रह लाख चौहत्तर हजार का काम बताकर एडवांस कमीशन की मांग की। ठेकेदार का कहना है कि इसके बाद उसने कथित रूप से ईओ के कहने पर बाबू को रुपये दिए। उसका कहना है कि इसके बाद उससे तीन लाख रुपये और जमा करने को कहा गया और भुगतान नहीं किया गया। उसने आरोप लगाया कि उसके पास एक मोबाइल नंबर से फोन भी आया कि तुम्हारी फाइल नष्ट कर दी जाएंगी। उसने एसपी से एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की गुहार की।

ईओ बोले, आरोप गलत

उधर, इस संबंध में तत्कालीन ईओ रामअचल कुरील ने आरोपों से सरासर इंकार किया। उन्होंने कहा कि उनका तबादला हो चुका है और वह छह जनवरी को जिले से जा चुके हैं। इसके बाद वहां क्या हो रहा है, इससे उनका कोई लेना देना नहीं। यहां यह बताना उचित होगा कि ईओ का तबादला प्रतापगढ़ हो चुका है।  

सभासद पर भी उठे सवाल

उधर, इस संबंध में एक आडियो भी चर्चा में है। बताया जाता है कि इसमें कथित रूप से पालिका का एक कर्मचारी ठेकेदार को धमकी दे रहा है कि उसने सभासद सुशील नेता के कहने पर ऐसा किया है और सुशील नेता दस हजार रुपये लेकर मामला रफा दफा कर देगा। इसमें कथित कर्मचारी यह भी कहता हुआ सुनाई दे रहा है कि अब ठेकेदार की फाइल जलवा दी जाएंगी और वह फिर भुगतान कैसे लेगा। 

सुशील ने भी कराई रिपोर्ट

मामले में रुपये लेकर मामला रफा दफा किए जाने के आरोप से आगबबूला सभासद सुशील श्रीवास्तव नेता ने एसपी को तहरीर देकर तत्कालीन ईओ के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। उनका कहना है कि वह नगर पालिका के कथित भ्रष्टाचार के संबंध में आवाज उठाते रहे हैं और इसलिए उनको इस मामले में घसीटा जा रहा है। उन्होंने कहा कि वह आरोप लगाने वाले के खिलाफ अवमानना का वाद दायर करेंगे।

ये भी पढ़ें : खिलाड़ियों को मिलेगी विदेश में ट्रेनिंग की सुविधा : नवनीत सहगल

संबंधित समाचार