मुरादाबाद : गृह कलह में बीवी की हत्या कर फंदे से झूला युवक,  तहकीकात में जुटी पुलिस

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बंद कमरे बरामद महिला व उसके पति का शव 

मुरादाबाद,अमृत विचार। मझोला थाना क्षेत्र में शनिवार की रात बीवी की हत्या करने के बाद फंदे से झूल कर एक युवक ने खुदकुशी कर ली। दोनों का शव पुलिस ने एक ही कमरे से बरामद किया। महिला की हत्या व उसके पति द्वारा  खुदकुशी करने की वजह गृह कलह बताई जा रही है। पुलिस ने दोनों शव कब्जे में ले लिया है। दंपति की अकाल मौत से परिजनों में कोहराम मचा है। 

मझोला थाना क्षेत्र स्थित राम तलैया गायत्री नगर की रहने वाली माया देवी पत्नी रामचंद्र सैनी के मुताबिक उनका परिवार सब्जी बेचकर जीविकोपार्जन करता है। करीब चार माह पूर्व उन्होंने अपने बड़े पुत्र रवि सैनी की शादी संभल में सिरसी की रहने वाली किरण के साथ की थी। शनिवार शाम रवि अपनी पत्नी के साथ पड़ोस में माता मंदिर पर गया। वहां दोनों ने दीप प्रज्वलित करते हुए पूजन अर्चन किया। इसके बाद दंपति वापस घर लौट आए। दोनों अपने कमरे में थे। तब माया देवी वह उनका छोटा पुत्र पुष्पेंद्र सब्जी की दुकान पर थे। रात करीब नौ बजे घर की एक लड़की माया देवी के पास गई।

रिश्ते में माया देवी की भतीजी लगने वाली लड़की ने बताया कि रवि का कमरा बंद पड़ा है। कई बार आवाज देने के बाद भी कमरे का दरवाजा नहीं खुला। अनहोनी की आशंका में माया देवी अपने पुत्र पुष्पेंद्र के साथ घर लौटे। मां बेटे ने रवि  उसकी बीवी को आवाज लगाई। जवाब न मिलने पर पुष्पेंद्र ने कमरे के दरवाजे को तोड़ दिया। दरवाजा टूटते ही मां बेटे के होश फाख्ता हो गए। किरन का शव बिस्तर पर पड़ा मिला। जबकि रवि का शव कमरे में फंदे से झूल रहा था।

चीख-पुकार के बीच परिजनों ने घटना की जानकारी यूपी 112 को दी। पीआरवी की सूचना पर मझोला थाना प्रभारी धनंजय सिंह दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। एसएसपी हेमराज मीना, एसपी सिटी अखिलेश भदौरिया, सीओ सिविल लाइन अनूप कुमार भी कुछ ही देर में मौके पर आ गए।

घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद एसएसपी ने बताया कि दोनों शव एक कमरे में मिले हैं। प्रथमदृष्टया प्रतीत हो रहा है कि रवि ने पहले बीवी की हत्या की। फिर फंदे से झूल कर उसने खुदकुशी कर ली। मौके पर फोरेंसिक टीम बुलाई गई है। साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं। पुलिस घटना की असल तह तक पहुंचने की कोशिश में है। दोनों शव कब्जे में है। पोस्टमार्टम बाद ही घटना की पूरी तस्वीर साफ हो सकेगी। फिलहाल परिजन दंपति के बीच किसी बड़े विवाद की जानकारी से इन्कार कर रहे हैं। वारदात की सूचना मृतका के मायके वालों को भी दे दी गई है।

ये भी पढ़ें :  मुरादाबाद: पद्मावत एक्सप्रेस के यात्री से मारपीट, 10 अज्ञात लोगों पर FIR

संबंधित समाचार