सुलतानपुर : पीएचसी डीहढग्गूपुर में नहीं चिकित्सक, विधायक के निरीक्षण में खुलासा
सुलतानपुर। सदर विधायक राज प्रसाद उपाध्याय ने सोमवार दिन में करीब सवा एक बजे कूरेभार विकास खंड में स्थित पीएचसी डीहढग्गूपुर का निरीक्षण किया। दवा वितरण कक्ष, वार्ड रूम के साथ ही उन्होंने अस्पताल परिसर का जायजा लिया।
दवा की उपलब्धता, मरीजों को दी जाने वाली सुविधाओं के अलावा स्टाफ के बारे में जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान विधायक मरीजों को दी जाने वाली सुविधाओं से संतुष्ट दिखे। यहां उनको पता चला कि स्वास्थ्य केंद्र में फार्मासिस्ट विनय श्रीवास्तव, स्वीपर शाहिद, वार्ड व्याय संतराम समेत कुल तीन ही स्टाफ है। चिकित्सक की तैनाती न होने पर उन्होंने मुख्य चिकित्साधिकारी सुलतानपुर से दूरभाष पर वार्ता कर जल्द व्यवस्था में सुधार के निर्देश दिए। विधायक ने बताया कि जनता को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मुहैया हो सके इसको लेकर सरकार दृढ़ संकल्पित है। इसी के अंतर्गत उनके द्वारा अस्पताल का निरीक्षण किया गया। उन्होंने बताया कि सीएमओ ने सप्ताह में दो दिन स्वास्थ्य केंद्र पर चिकित्सक की तैनाती का भरोसा दिलाया है।
इस मौके पर भाजपा मंडल महामंत्री रत्नेश तिवारी, गुड्डू उपाध्याय, आनंद पाण्डेय, राजू गुप्ता, गौरी शंकर सिंह, राजीव सिंह, शरद चन्द्र मिश्र, लालजी तिवारी, सीटू पाण्डेय, अवधेश मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें : सुलतानपुर : हलियापुर ने अयोध्या को हराकर ट्राफी पर किया कब्जा
