बरेली: वसीम बरेलवी के हाथ से कंधे तक कई फ्रैक्चर, 3 घंटे चला ऑपरेशन

बरेली: वसीम बरेलवी के हाथ से कंधे तक कई फ्रैक्चर, 3 घंटे चला ऑपरेशन

बरेली, अमृत विचार। शायर प्रोफेसर वसीम बरेलवी के कार हादसे में घायल होने की खबर दो दिन तक शहरवासियों को मालूम नहीं हुई। परिवार के साथ करीबियों को ही हादसे की जानकारी थी। बीएलके मैक्स अस्पताल में भर्ती वसीम बरेलवी ने सोमवार को वरिष्ठ हड्डी रोग विशेषज्ञ डा. बृजेश्वर सिंह से फोन पर बात की। इसके बाद डा. बृजेश्वर दिल्ली पहुंच गए और अस्पताल की टीम के साथ वसीम बरेलवी का इलाज शुरू किया।

डा. बृजेश्वर सिंह ने बताया कि वसीम बरेलवी के बाएं हाथ से कंधे तक 5 से 6 फ्रैक्चर मिले। कंधा गंभीर रूप से जख्मी था। 3 घंटे तक ऑपरेशन चला। सर्जरी करने वाली टीम में उनके साथ डा. विवेक मित्तल, डा. गौतम भी शामिल रहे। मंगलवार शाम को वसीम बरेलवी के कार हादसे में घायल होने की जानकारी लोगों को हुई।

उसके बाद से उनके लिए सोशल मीडिया पर दुआएं शुरू हो गईं। वसीम बरेलवी मानव सेवा क्लब के संरक्षक भी हैं। मानव सेवा क्लब के अध्यक्ष सुरेन्द्र बीनू सिन्हा ने उनके जल्द स्वस्थ होने की दुआ की है। बताया जा रहा है कि हादसे के दौरान कार के एयर बैग खुलने पर गनर और चालक चोटिल होने से बच गए, लेकिन वसीम साहब के साथ मीरगंज निवासी शायर अकील नोमानी चोटिल हो गए। गनर और चालक ने आसपास के लोगों की मदद से वसीम बरेलवी व अकील नोमानी को हापुड़ के अस्पताल ले गए थे।

ये भी पढे़ं- बरेली: 75% से कम उपस्थिति पर परीक्षा में नहीं बैठ सकेंगे छात्र, जारी किए सख्त निर्देश