हल्द्वानी: बीट पुलिस रखेगी आपका ख्याल, जनता के हाथ में होगा सिपाही का अप्रेजल
हल्द्वानी, अमृत विचार। कुमाऊं आईजी नीलेश आनंद भरणे ने कुमाऊं मंडल के 6 जिलों के 71 थानों के 607 बीट पर सिपाहियों को कानून व्यवस्था तथा आपराधिक गतिविधि पर निगरानी करने जैसे 44 काम की जिम्मेदारी दी है।
कुमाऊं आईजी नीलेश आनंद भरणे का कहना है कि सालों बाद दोबारा से बीट पुलिसिंग को एक्टिव किया जा रहा है, जिससे कि घर-घर तक पुलिस की पहुंच और अपराध पर लगाम लगाई जा सके। आईजी ने सभी 20 कर्मचारियों को अपनी बीट पर पंफ्लेट बनाकर हर घर पर लगाने के निर्देश दिए हैं, जिसमें की बीट अधिकारी का नाम और मोबाइल नंबर अंकित होगा जिससे कि किसी भी छोटी से छोटी समस्या के लिए पुलिस की मदद ली जा सकेगी।
इसके अलावा क्षेत्र में हो रहे गलत कामों पर भी नियंत्रण होगा। आईजी नीलेश आनंद भरणे ने बताया कि कुमाऊं मंडल के 6 जिलों में 71 थानों में कुल 607 बीट हैं जिनमें बीट अधिकारी नियुक्त कर दिए गए हैं और सभी बीड अधिकारियों की हर महीने समीक्षा होगी और समीक्षा के आधार पर ही उनका अप्रेजल भी तय किया जाएगा।
