अयोध्या: नई पेंशन योजना को लेकर शिक्षकों ने जताया कड़ा विरोध, प्रदर्शन कर वित्त एवं लेखाधिकारी को सौंपा ज्ञापन
अमृत विचार, अयोध्या। नई पेंशन योजना को लेकर बुधवार को उत्तर प्रदेश जूनियर हाईस्कूल पूर्व माध्यमिक शिक्षक संघ के बैनर तले शिक्षकों ने प्रदर्शन किया। आक्रोशित शिक्षकों ने योजना के खिलाफ नारेबाजी करते हुए वित्त एवं लेखाधिकारी रविन्द्र कुमार सिंह को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में कहा गया है कि वित्त नियंत्रक बेसिक शिक्षा परिषद प्रयागराज उत्तर प्रदेश द्वारा नई पेंशन योजना बेसिक शिक्षकों पर जबरदस्ती स्वीकार करने का प्रयास किया जा रहा है। न स्वीकार करने की स्थिति में जबरन वेतन रोकने के निर्देश दिए गए हैं। यह शिक्षकों के साथ तानाशाही पूर्ण व्यवहार है।
ज्ञापन में कहा गया है कि यह योजना 1 अप्रैल 2005 में लागू की गई थी। जो कि स्वैच्छिक है। 17 वर्षों बाद इस प्रकार की जबरदस्ती किया जाना अन्याय है। तानाशाही पूर्ण आदेशों से शिक्षक आक्रोशित है। मांग की गई है कि नई पेंशन योजना स्वीकार करने तथा वेतन से जबरन कटौती करने व वेतन रोकने सम्बन्धी तानाशाही पूर्ण आदेशों को निरस्त कराने का कष्ट करें।
पुरानी पेंशन का लाभ दिलाने का प्रयास करें। इस मौके पर अध्यक्ष अरुण कुमार तिवारी, महामंत्री चन्द्रजीत यादव, कोषाध्यक्ष मोहम्मद तारिक समेत भारी संख्या में शिक्षक मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें:-सुल्तानपुर: सात दिनों से धरने पर संविदा कर्मी, चरमराई विद्युत आपूर्ति व्यवस्था
