सुल्तानपुर: सात दिनों से धरने पर संविदा कर्मी, चरमराई विद्युत आपूर्ति व्यवस्था
तीन माह से मानदेय नहीं मिलने पर हैं आंदोलित
मोतिगरपुर/ सुल्तानपुर, अमृत विचार। तीन माह से मानदेय न मिलने पर जयसिंहपुर तहसील परिक्षेत्र के सभी विद्युत संविदाकर्मी आक्रोशित है। कार्य बहिष्कार के चलते लगातार 7वें दिन भी सभी संविदा विद्युतकर्मी विद्युत उपकेंद्र दियरा पर धरना प्रदर्शन किया। विद्युत संविदाकर्मियों ने ओरियन कंपनी के ठेकेदार पर मनमानी का आरोप लगाते हुए अधिशाषी अभियंता से मानदेय और सुरक्षा किट दिलाने की मांग की। कर्मियों के आंदोलन से आपूर्ति व्यवस्था बिगड़ गई है।
पावर कारपोरेशन निविदा/संविदा कर्मचारी संघ के आह्वाहन पर बुधवार को जयसिंहपुर विद्युत वितरण खण्ड के दियरा उपकेंद्र पर दो दर्जन से अधिक संविदा कर्मियों ने धरना प्रदर्शन किया। संविदा कर्मियों का कहना है कि विभाग और ओरियन कंपनी की मिलीभगत से उनका शोषण किया जा रहा है। तीन महीनों से मानदेय न मिलने पर संविदाकर्मी व उनका परिवार भुखमरी के कगार पर पहुंच गया है। बच्चों के स्कूलों की फीस जमा करने के लिए लगातार नोटिस आ रही है। समय से फीस जमा न करने पर बच्चों को स्कूल से निकालने की धमकी दी जा रही है। ऐसी स्थिति में काम करना संभव नहीं है। संविदा कर्मियों ने बकाया मानदेय भुगतान व सुरक्षा किट न मिलने तक हड़ताल और प्रदर्शन जारी रखने की चेतावनी दी है।
प्रदर्शन में राजकिशोर मिश्र, संदीप कुमार, शिवकुमार, सुशील, विवेक, कुलदीप पांडेय, अरविंद कुमार, रुदल, सत्यम उपाध्याय, अजय सिंह, बब्बन, शिवाकांत उपाध्याय, शकील अहमद, अजीत कुमार, जय नारायण दूबे और योगेश तिवारी आदि संविदा कर्मी शामिल रहे।
ये भी पढ़ें -सुल्तानपुर: गोवंश आश्रय स्थलों का निरीक्षण करने पहुंचे सचिव
