Etawah News : रेलवे लाइन पर गिरने से बाइक सवार दो युवकों की मौत, गुरुग्राम से जा रहे थे कानपुर देहात

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

Etawah News इटावा में रेलवे लाइन पर गिरने से बाइक सवार दो युवकों की मौत।

Etawah News इटावा में रेलवे लाइन पर गिरने से बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। दोनों युवक बाइक से हरियाणा के गुरुग्राम से कानपुर देहात स्थित अपने घर अकबरपुर जा रहे थे। पुलिस ने परिजनों को सूचना दी।

इटावा, अमृत विचार। फ्रेंड्स कालोनी थाना क्षेत्र में सिक्सलेन हाईवे पर स्थित  रेलवे पुल की बाउंड्री से टकराकर करीब 40 फीट नीचे रेलवे लाइन पर गिरने से बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। दोनों युवक  गुरुग्राम में प्राइवेट बाउंसर की नौकरी करते थे। छुट्टी लेकर अपने घर जा रहे थे। दोनों युवकों की पहचान होने के बाद पुलिस ने उनके परिजनों को सूचना  दी। 

औरैया जनपद के दिबियापुर क्षेत्र के नीलकंठ पुरवा के रहने वाले आकाश (30) और कानपुर देहात जिले के अकबरपुर क्षेत्र के पतारी का अमित कुमार (35) गुरुग्राम में रहकर एक प्राइवेट कंपनी में बाउंसर की नौकरी करते थे। गुरुवार को दोनों युवक ड्यूटी पूरी करने के बाद छुट्टी लेकर अपने-अपने गांव जाने के लिए एक ही बाइक पर सवार होकर निकले थे।

यहां फ्रेंड्स कालोनी क्षेत्र में नेशनल हाईवे नंबर दो पर स्थित रेलवे ब्रिज के ऊपर उनकी बाइक सरपट दौड़ रही थी, तभी अचानक बाइक अनियंत्रित होकर लोहे के डिवाइडर से टकरा गई। डिवाइडर से टकराने के बाद बाइक समेत दोनों युवक पुल से 40 फुट नीचे रेलवे ट्रैक के पास जाकर गिरे।

हादसा देखकर राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। रात में ही पुलिस बल पहुंचा और दोनों को फौरन जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने उनके पास मिले आईडी कार्ड से शिनाख्त कर दोनों के परिजनों को सूचना दी। 

सीओ सिटी अमित कुमार ने बताया कि दोनों युवक गुरुग्राम के बाबा मॉल में बाउंसर का काम करते थे। छुट्टी पर पल्सर मोटर साइकिल से घर आ रहे थे। लोहे के डिवाइडर से बाइक टकराने के कारण रेलवे ट्रैक पर आ गिरे।

जिससे दोनों की मौके ही पर मौत हो गई। उनकी शिनाख्त के आधार पर दोनों के परिजनों को सूचना दी गई। शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

संबंधित समाचार