बरेली: 33 करोड़ से सुधरेगी हवा की सेहत, एयर प्यूरीफायर स्टैंड से धूल को उड़ने से रोका जाएगा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम के तहत नगर निगम शहर के प्रमुख चौराहों पर लगाएगा एयर प्यूरीफायर स्टैंड

बरेली, अमृत विचार। शहर में वायु प्रदूषण व सड़कों पर उड़ती धूल को कम करने के लिए नगर निगम प्रमुख चौराहों पर प्यूरीफायर स्टैंड लगाएगा। इससे हवा की सेहत सुधरेगी। धूल से परेशान लोगों को राहत मिलेगी। केंद्र सरकार ने राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम के तहत नगर निगम को 33 करोड़ की धनराशि आवंटित की है।

यह भी पढ़ें- बरेली: नर्सिंग विद्यार्थियों ने ली कर्तव्यों के प्रति निष्ठावान रहने की शपथ

केंद्र सरकार ने राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम (एनसीएपी) के तहत वर्ष 2026 तक वायुमंडल में प्रदूषणकारी कणों (पार्टिकुलेट मेटल या पीएम) के स्तर में 40 प्रतिशत तक कमी लाने का नया लक्ष्य तय किया है। इसके तहत एनसीएपी के तहत वायु प्रदूषण को कम करने के लिए शहर आधारित कार्ययोजना तैयार की गई है। इसमें वायु गुणवत्ता को मजबूत करना, वाहनों और उद्योगों से होने वाले उत्सर्जन को कम करना तथा जन जागरूकता पैदा करने का कार्यक्रम शामिल है।

दिल्ली, नोएडा के साथ बरेली, मुरादाबाद, कानपुर, वाराणसी प्रयागराज आदि शहर भी इस कार्यक्रम में शामिल हैं। जहां वर्ष 2017 के बाद से पीएम-10 के स्तर में सुधार हुआ है। बिगड़ते वायु प्रदूषण के कारण खासकर बच्चों और बुजुर्गों को कई गंभीर समस्या का सामना करना पड़ सकता है।एनसीएपी के तहत नगर निगम शहर के प्रमुख व ट्रैफिक लाइट वाले चौराहों और जहां से भारी वाहन गुजरते हैं, उन जगहों पर एयर प्यूरीफायर स्टैंड लगाएगा और उड़ने वाली धूल को कम करेगा।

फौव्वारों की तुलना में प्यूरीफायर स्टैंड का खर्च कम
शहर के चौराहों पर फौव्वारे लगाकर नगर निगम ने सुंदरता के साथ उड़ती धूल के कण रोकने का प्रयास किया, लेकिन नोजिल व पाइप में खराबी, कभी मोटर में दिक्कत आदि के कारण फौव्वारे लगाने का प्रोजेक्ट महंगा है। मेंटीनेंस में एयर प्यूरीफायर स्टैंड में कोई ज्यादा खर्चा नहीं है।

राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम के तहत शहर में प्रमुख चौराहों पर एयरप्यूरीफायर स्टैंड लगाकर उड़ती धूल को रोका जाएगा। वायु प्रदूषण को कम करने के लिए नगर निगम कई प्रयास कर रहा है---निधि गुप्ता वत्स, नगर आयुक्त।

यह भी पढ़ें- बरेली: ट्रैक पार करते समय ट्रेन की चपेट में आया युवक, मौत

संबंधित समाचार