WFI Controversy : प्रतियोगिता के दौरान बिना पगड़ी के नजर आए बृजभूषण
अमृत विचार, गोंडा । नंदिनीनगर में आयोजित होने वाली चैंपियनशिप में आने वाले अतिथियों के लिए हर बार सांसद की तरफ से पगड़ी की व्यवस्था की जाती थी। मंचासीन लोगों को सांसद की तरफ से पगड़ी पहनाई जाती थी। वह खुद भी पगड़ी पहनकर ही मंच पर बैठते थे, लेकिन शनिवार को ओपन नेशनल सीनियर रेसलिंग चैंपियनशिप टूर्नामेंट से पहली बार पगड़ी नदारद दिखी।
न तो सांसद ने पगड़ी पहनी और न ही किसी अतिथि को पहनाई गई। इसको लेकर भी आने वाले अतिथियों में चर्चा रही। समारोह में शामिल होने वाले लोगों का कहना था कि दिल्ली के जंतर-मंतर पर पगड़ी उछलने के कारण पगड़ी से किनारा किया गया है।
दरअसल,भाजपा सांसद और भारतीय कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह पर यौन शोषण का आरोप लगा था। यह आरोप टोकियो ओलंपिक कांस्य पदक विजेता बजरंग पूनिया और विश्व चैम्पियनशिप पदक विजेता विनेश फोगाट ने लगाया था। आरोप लगाने वाले पहलवानों ने भारतीय कुश्ती महासंघ के खिलाफ मोर्चा खोल दिया और धरने पर बैठ गये। जिसके चलते सरकार भी एक्शन मोड में नजर आ रही है।
यह भी पढ़ें : गोंडा : खेल मंत्रालय के दांव से चित बृजभूषण ने ओढ़ी खामोशी की चादर
