बरेली: ओएमआर शीट पर परीक्षा, फिर भी परिणाम में देरी
स्नातक द्वितीय सेमेस्टर की परीक्षा का एक महीने बाद भी परिणाम नहीं हो सका जारी
बरेली, अमृत विचार। एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय ने सत्र 2021-22 में स्नातक में नई शिक्षा नीति के तहत सेमेस्टर प्रणाली शुरू की। प्रथम सेमेस्टर की परीक्षा और परिणाम में देरी की वजह से सत्र में देरी हुई तो विश्वविद्यालय ने द्वितीय सेमेस्टर में ओएमआर शीट पर परीक्षाएं कराने का निर्णय लिया, ताकि परिणाम समय पर जारी हो सकें।
यह भी पढ़ें- बरेली: राष्ट्रीय बचत कार्यालय में लगी आग, फाइलें जलकर हुईं खाक
स्नातक द्वितीय सेमेस्टर की परीक्षाएं 17 नवंबर से होकर 22 दिसंबर को समाप्त हुईं। बीए के कुछ प्रश्नपत्रों को छोड़कर अन्य परीक्षाएं पूर्व में हो गई थीं। परीक्षाएं हुए एक माह हो गया है इसके बाद भी अभी तक परिणाम जारी नहीं हो सका है।
इसकी वजह है कि महाविद्यालयों के द्वारा बार-बार रिमाइंडर के बावजूद स्नातक द्वितीय सेमेस्टर के आंतरिक, प्रयोगात्मक और व्यावसायिक पाठ्यक्रमों के अंक विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर अपलोड नहीं किए। अब विश्वविद्यालय ने महाविद्यालयों को 26 जनवरी तक अंक अपलोड करने का अंतिम मौका दिया है।
ऐसे में साफ है कि अब इस माह परिणाम आना मुश्किल नजर आ रहा है। उम्मीद है कि फरवरी में परिणाम जारी हो जाए। इस तरह से करीब चार महीने सत्र देरी से समाप्त होगा। यदि महाविद्यालयों ने अब भी अंक नहीं भेजे तो विश्वविद्यालय परिणाम जारी करता है तो कई छात्र फेल हो जाएंगे।
यह भी पढ़ें- बरेली: निपटा लें जरूरी काम, इस महीने में पांच दिन बंद रहेंगे बैंक
