बहराइच में बदला मौसम का मिजाज, जंगल से सटे इलाकों में हुई झमाझम बारिश
बारिश से खिल उठे किसानों के चेहरे
बहराइच/बिछिया, अमृत विचार। जिले में मौसम ने फिर करवट ले ली है। जंगल से सटे इलाकों में आधी रात से तेज हवाएं चल रही हैं। रुक रुक कर गरज चमक के साथ वर्षा हो रही है। वर्षा से किसानों के चेहरे खिल उठे हैं वही मौसम का रुख फिर सख्त हो गया है। लोग कांपने को मजबूर हैं।
जनपद बहराइच के तहसील मिहीपुरवा में रात करीब 2 बजे से मौसम का मिजाज बदला हुआ है। मिहीपुरवा के कतर्नियाघाट इलाके में रात से तेज हवाओं के साथ बारिश की शुरुआत हुई। मिहीपुरवा के कतर्नियाघाट जंगल व तराई क्षेत्र में देर रात से मौसम में बदलाव हुआ है। कड़ाके की ठंड के बीच तेज हवाओं के साथ बारिश ने भी दस्तक दे दी। रात से हो रही बारिश से ठंडक और भी बढ़ गई है। लोग सुबह होते ही अलाव जलाकर घरों में बैठे दिखे। बारिश से गांवों में कच्चे मार्ग पर चलना मुश्किल हो गया है। वहीं जर्जर सड़कों पर भी पानी भर चुका है। बारिश से किसानों चेहरे खिल उठे हैं। किसान कट्टर सिंह, मलकीत सिंह चीमा, सुनील निषाद आदि ने बताया कि इस बारिश से गेहूं और लाही समेत कई फसलों को फायदा मिलेगा। किसान पानी के लिए तमाम व्यवस्थाओं में जुटे थे लेकिन अब मौसम महेरबान हो गया है, जिससे किसान गदगद हैं।
मिहीपुरवा क्षेत्र के इन इलाकों में हो रही बारिश
मिहीपुरवा समेत कतर्नियाघाट व जंगल इलाके के सुजौली, बिछिया, मुर्तिहा, रमपुरवा, मटेही, आम्बा, बर्दिया, चफ़रिया, चहलवा आदि जगहों पर रात से ही तेज हवाओं संग बारिश हो रही है।
ये भी पढ़ें -Uttar Pradesh Weather : यूपी के कई जिलों में हो रही बारिश, बढ़ सकती है ठंड
