Kanpur Crime : ईमान डगमगाने से वर्दी पर लग रहा ‘दाग’, कम हो रहा इकबाल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

Kanpur Crime कानपुर में ईमान डगमगाने से वर्दी पर दाग लग रहा।

Kanpur Crime कानपुर में ईमान डगमगाने से वर्दी पर दाग लग रहा। जिससे पुलिस का इकबाल भी कम हो रहा। सोशल मीडिया पर सिपाहियों के पिटने के वायरल वीडियो किरकिरी कराते। पुलिस कमिश्नर के निर्देश पर जोनवार डीसीपी दागी पुलिस कर्मियों की सूची तैयार कर रहे।

कानपुर, [गौरव श्रीवास्तव]। पुलिस के दामन पर दाग न लगे इसकी कोशिश तो खूब हो रही है, लेकिन कुछ पुलिसकर्मियों के ईमान डगमगाने के कारण वर्दी पर दाग लग रहा है और महकमे की किरकरी भी खूब हो रही है। हालत यह है कि पुलिसकर्मी अब चोरी, हत्या व लूट जैसी वारदात में भी शामिल होने लगे हैं।

ऐसे दागी पुलिसकर्मियों पर अब कठोर कार्रवाई की तैयारी पुलिस कमिश्नर बी पी जोगदंड की ओर से की जा रही है। ऐसे लोगों को चिन्हित करने के लिए कई आईपीएस अधिकारियों को लगाया गया है। ऐसे पुलिस कर्मी जिनका आचरण ठीक न हो, लंबे समय से गैरहाजिर चल रहे हों, मुखबिरों का इस्तेमाल करके अपराध करते या कराते हों सूची में शामिल किया जा रहा है। जिनकी जांच कर कड़ी कार्रवाई करने की तैयारी में अफसर लग गए हैं।  

इन अपराध में शामिल रही पुलिस

- 15 जनवरी को पनकी थानात्क्षेत्र स्थित पेट्रोल पंप में घुसकर तोड़फोड़ और लूटपाट की वारदात को एक पुलिसकर्मी ने अंजाम दिया। 
- 4 जनवरी को नौबस्ता थानाक्षेत्र में पीआरवी के सिपाहियों ने घर में घुसकर महिला से छेड़खानी की।
- 24 दिसंबर को गोविंद नगर थानाक्षेत्र में तीन सिपाहियों ने वसूली के लिए दुकानदार का अपहरण कर फिरौती मांगी थी। 
- चार माह पूर्व जाजमऊ हाईवे पर ट्रक से वसूली के चक्कर में 6 पुलिसकर्मियों को निलंबित किया गया था।
- सितंबर माह में बिधनू थाने में पुलिस अभिरक्षा में पिटाई से मौत का मामला।

इन स्थानों पर हुई पुलिस की पिटाई  

- दबंगों ने सैय्यद नगर में पीआरवी की कार पर चलाए पत्थर। 
- रामबाग में बजरिया थाने के सिपाहियों ने मकान के विवाद में शिक्षक को बर्बरता पूर्वक पीटा था।
- बजरिया थाने के सिपाही को सीसामऊ थानाक्षेत्र में नशेबाजों ने पीटा था।
- चमनगंज थाने के सिपाही को हिस्ट्रीशीटर के गुर्गे ने पीटा था। 
- रायपुरवा थाने के एक दरोगा को लोडर चालक ने मारापीटा था।
- चकेरी में पीआरवी पर दबंगों ने हमला कर दिया था।
- महिला थाने के बाहर अधिवक्ता ने यातायात सिपाही को पीटा था। 
- चेतना चौराहे पर होमगार्ड और यातायात सिपाही को अधिवक्ताओं ने पीटा। 
- बिकरू कांड में भी पुलिस वालों से मारपीट व सीओ समेत 8 लोगों की हत्या।

विवादों से पुलिस अफसरों की हुई भद्द

- सजेती मे सिपाही को अन्य सिपाहियों ने जमकर पीटा था, जिसके बाद उसी पर कार्रवाई की गई थी।  
- उगाही के लिए सर्विस सेंटर संचालक के नाबालिग बेटों को पीटने का मामला। 
- अभिनेता वरुण धवन की शूटिंग में बिना हेलमेट बुलेट चलाते चालान कर दिया गया। बाद में परमीशन होने की जानकारी मिलने पर पुलिस ने किरकिरी करा ली थी। 
- कल्याणपुर पुलिस ने चोरी के शक में उठाए गए आईआईटी सोसाइटी निवासी जितेंद्र श्रीवास्तव की मौत का मामला। 
- कल्याणपुर पुलिस द्वारा सब्जी विक्रेता का तराजू बाट रेलवे ट्रैक पर फेंकने में उठाने गए युवक का पैर कट गया था। आलाधिकारियों ने संवेदनहीनता पर हेड कांस्टेबल का निलंबिन कर दिया था।

सांठगांठ से अपराधी हो हावी

कुछ मामलों में पुलिस कर्मियों ने अपराधियों से सांठगाठ की थी। जिसके बाद आरोपी उन पर हावी हुए। दबाव पड़ने पर गिरफ्तारी करने गए सिपाहियों से उन लोगों ने जमकर मारपीट की थी। आलाधिकारियों के निर्देश पर मुकदमा भी दर्ज हुआ था। कुछ अपराधियों को तो जेल भेज दिया गया वहीं कुछ आज भी फरार हैं। 

आदर से होता था सम्मान

एक समय था जब लोग पुलिस पर आंख बंदकर विश्वास कर लेते थे। न्याय मिलने के लिए लोगों को कतई दिक्क्त नहीं होती थी। आदर पूर्वक पुलिस पीड़ितों से मामले की जानकारी लेकर त्वरित हल करा देती थी। आदर से पुलिसकर्मियों का सम्मान होता था। लेकिन वर्तमान में कमिश्नरेट लागू होने के बाद स्थिति बिगड़ गई है। थाने जाकर बेवजह ऊल जलूल प्रश्नों के उत्तर देने से अच्छा है, कि वह ऑनलाइन ही शिकायत दर्ज करा देते हैं। साथ ही सोशल मीडिया को अपना हथियार बनाकर उसमें अपनी घटना को पोस्ट कर देते हैं। जिससे जल्द कार्रवाई होती है। 

पूर्व तैनाती वाले क्षेत्रों में दखल देकर कर रह उगाही

कुछ पुलिस कर्मी पूर्व में तैनाती वाले थाना क्षेत्रों के मुखबिरों के जरिए दखल देकर इस तरह से धर पकड़ करके आर्थिक लाभ प्राप्त कर रहे हैं। यह संगठित अपराध की श्रेणी में आता है। डीसीपी दक्षिण प्रमोद कुमार के अनुसार पुलिस कमिश्नर ने सूची में ऐसे पुलिसकर्मियों के नाम शामिल करने के निर्देश दिए हैं कि जो अपराध करते या कराते हों। ऐसे पुलिसकर्मियों की सूची तैयार करके उनके खिलाफ बर्खास्तगी की कार्रवाई की जाएगी।

ऐसे पुलिसकर्मी जो अपराध में लिप्त हैं, उनकी सूची जोन वार डीसीपी तैयार कर रहे हैं, जांच कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।- बीपी जोगदंड, पुलिस कमिश्नर

संबंधित समाचार