नैनीताल: मां ने जंगल में जना जुड़वा बच्चों को पर...अफसोस
नैनीताल, अमृत विचार। जिले के सुदूरवर्ती ब्लॉक ओखलकांडा से एक बहुत ही मार्मिक खबर सामने आई है। यहां स्वास्थ्य सुविधाओं के अभाव कहें या उस मां कि किस्मत पर खबर बेहद दुखद है।
नैनीताल जिले के ओखलाकांडा ब्लॉक के चमोली गांव निवासी गर्भवती विमला चिलवाल (24) पत्नी देव सिंह चिलवाल गाजियाबाद से हाल ही में देखभाल व प्रसव के लिए अपने गांव लौटी थी। डॉक्टरों ने 26 जनवरी तक प्रसव की अनुमानित तारीख बताई थी। विमला को सोमवार सुबह करीब चार बजे अचानक प्रसव पीड़ा शुरू हो गई।
विमला के ससुर हरक चिलवाल ने बताया कि उनका घर सड़क से दो किलोमीटर नीचे है। बहू को प्रसव पीड़ा होने पर उन्होंने 108 सेवा को फोन किया। इसके बाद अपनी पत्नी की मदद से बहू को पैदल ही सड़क तक लाने लगे। जंगल के बीच से होते हुए करीब दो किलोमीटर की चढ़ाई चढ़कर सड़क तक पहुंचने ही वाली थी कि रास्ते में ही बहू का प्रसव हो गया और उसने जुड़वां बच्चों को जन्म दिया।
कुछ ही देर में जैसे तैसे वह सड़क तक पहुंचे, एंबुलेंस कर्मियों ने बहू को प्राथमिक चिकित्सा भी दी वह ओखलकांडा के अस्पताल तक पहुंचने ही वाले थे कि बहू ने दम तोड़ दिया। एक नवजात की भी मृत्यु हो गई। इसके बाद दूसरे बच्चे को एहतियात के तौर पर हल्द्वानी सुशीला तिवारी अस्पताल रेफर किया गया। जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने बच्चे को स्वस्थ्य बताया है। इस पूरी घटना से घर में मातम पसरा है वहीं हर कोई इस घटना को लेकर स्तब्ध है।
