नवंबर में EPFO में लगभग नौ लाख अंशधारक

नवंबर में EPFO में लगभग नौ लाख अंशधारक

नई दिल्ली। नवंबर 2022 में कर्मचारी भविष्य निधि संगठन में लगभग नौ लाख, कर्मचारी राज्य बीमा निगम में 14 लाख से अधिक और राष्ट्रीय पेंशन योजना में साठ हजार से अधिक कर्मचारी शामिल किये गये हैं। केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्रालय ने बुधवार को यहां जारी आंकड़ाें में बताया है कि कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) में पिछले वर्ष नवंबर माह में कुल आठ लाख 99 हजार 332 अंशधारक शामिल किये गये है।

ये भी पढ़ें - RSS महाराष्ट्र के जलगांव में छह दिवसीय बंजारा महाकुंभ का कर रहा आयोजन 

इनमें से छह लाख 73 हजार 243 पुरुष और दो लाख 26 हजार 78 महिला शामिल हैं। सात अंशधारक अन्य श्रेणी से हैं और शेष चार के संबंध में जानकारी उपलब्ध नहीं है। आंकड़ों में कहा गया है कि सितंबर 2017 से नवंबर 2022 की अवधि में छह करोड़ नौ लाख 81 हजार 245 कर्मचारी ईपीएफओ में शामिल हुए हैं। इसी माह में कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआईसी) में कुल 14 लाख 27 हजार 979 कर्मचारी जोड़े गये हैं।

इनमें 11 लाख 41 हजार 855 पुरुष और दो लाख 86 हजार 77 महिला कर्मचारी हैं। शेष 47 अन्य श्रेणी में हैं। सितंबर 2017 से नवंबर 2022 तक कुल सात करोड़ 64 लाख एक हजार 379 कर्मचारी ईएसआईसी में शामिल हुए हैं। राष्ट्रीय पेंशन योजना (एनपीएस) में नवंबर 2022 में कुल 60 हजार 571 कर्मचारी शामिल हुए हैं। केंद्र सरकार में 6918 कर्मचारी नवंबर 2022 में शामिल किये गये हैं।

इनमें से 5280 पुरुष और 1638 महिला कर्मचारी हैं। राज्य सरकारों में 38 हजार 533 कर्मचारी हैं। इनमें 23 हजार 779 पुरुष और 14 हजार 754 महिला कर्मचारी हैं। इसी माह में गैर सरकारी क्षेत्र से 15 हजार 120 कर्मचारी एनपीएस में आये हैं। इनमें से 11 हजार 302 पुरुष और 14 हजार 754 महिला कर्मचारी शामिल हैं। सितंबर 2017 से नवंबर 2022 की अवधि में कुल 39 लाख 72 हजार 545 कर्मचारी एनपीएस में आये हैं।

ये भी पढ़ें - कश्मीर में बर्फबारी, श्रीनगर हवाई अड्डे पर उड़ान सेवाएं प्रभावित