लखनऊ के मध्यकमान का थल सेना प्रमुख ने किया दौरा
लखनऊ, अमृत विचार। राजधानी लखनऊ में स्थित देश के सबसे बड़े मध्य कमान का दौरा थल सेनाध्यक्ष जनरल मनोज मुकुंद नरवणे ने शक्रवार को किया। भारत चीन सीमा पर चल रही तनातनी के बीच थल सेना की सभी तैयारियों का जायजा भी लिया, सैन्य अधिकारियों के मुताबिक इस दौरान उन्होंने लिपुलेख में चीनी सेना की …
लखनऊ, अमृत विचार। राजधानी लखनऊ में स्थित देश के सबसे बड़े मध्य कमान का दौरा थल सेनाध्यक्ष जनरल मनोज मुकुंद नरवणे ने शक्रवार को किया। भारत चीन सीमा पर चल रही तनातनी के बीच थल सेना की सभी तैयारियों का जायजा भी लिया, सैन्य अधिकारियों के मुताबिक इस दौरान उन्होंने लिपुलेख में चीनी सेना की बढ़ी गतिविधियों के बारे में अधिकारियों से विस्तार से चर्चा की। साथ ही उत्तराखंड से सटी नेपाल की सीमा की तैयारियों के बारे में भी समीक्षा की।
अधिकारियों ने बताया कि सभी तैयारियों को लेकर सेना प्रमुख संतुष्ट दिखे। इससे पहले तेजपुर में पूर्वोत्तर से सटी चीनी सीमा की तैयारियों का निरीक्षण करने के बाद जनरल नरवणे सुबह विशेष विमान से चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पहुंचे। यहां से हेलिकॉप्टर से वह सूर्या खेल परिसर और फिर सड़क मार्ग से मध्य कमान मुख्यालय आए। यहां मध्य कमान सेनाध्यक्ष जनरल इकरूप सिंह घुमन सहित कई वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों से उन्होंने सैन्य तैयारियों पर चर्चा की।
कमांडरों की हुई सराहना
सेना प्रमुख ने मध्यकमान की स्थितियों का भी जायजा लिया जिसमें मध्यकमान में तैनात अधिकारियों व जवानों के कामकाज की भी समीक्षा की। जिसमें उन्होंने संतुष्टि जताते हुए प्रशंसा भी की। वहीं मध्य कमान के फार्मेशन कमांडरों के कार्यों को भी सराहा।
प्रशासनिक पहलुओं पर दी जानकारी
ले. जनरल घुमन ने उनको प्रशासनिक पहलुओं की भी जानकारी दी। जनरल नरवणे ने मध्य क्षेत्र में सैन्य बलों की क्षमता वृद्धि के साथ बुनियादी ढांचे के विकास की तैयारियों को भी परखा। उन्होंने ऊंचाई वाले दुर्गम क्षेत्रों में विपरीत मौसम के बीच तैनात अग्रिम पोस्ट के जवानों के हौंसलों को भी सराहा। इसके साथ ही अभी तक हुए अपरेशनों के बारे में भी विस्तार से जाना।
मुख्यमंत्री व राज्यपाल से भी मुलाकात
मध्य कमान के बाद जनरल नरवणे ने राजभवन जाकर राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। दोपहर बाद जनरल नरावणे दिल्ली रवाना हो गए। मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री कार्यलय में उनका स्वागत भी हुआ। इस दौरान उन्होंने कई मुद्दों को लेकर मुख्यमंत्री से भी चर्चा की। बताया जा रहा है कि इस दौरान उन्होंने चीन सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी मुख्यमंत्री से चर्चा की। दोपहर बाद फिर वह दिल्ली के लिए रवाना हो गये।

