बरेली: लाल फाटक क्रॉसिंग पर फरवरी में दोनों अंडरपास में दौड़ना शुरू हो जाएगा ट्रैफिक

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। लाल फाटक क्रॉसिंग से गुजरने वाले लोगों को फरवरी का महीना और सहूलियत देगा। रेलवे अफसरों ने दावा किया है कि फरवरी के अंत तक दोनों अंडरपास तैयार करके उन्हें ट्रैफिक के लिए खोल दिया जाएगा। अंडरपास शुरू होने के बाद लाल फाटक के आसपास के गांवों के लोगों को खास राहत मिलने की उम्मीद है। उधर, सेतु निगम के अफसरों ने भी संभावना जताई है कि लाल फाटक रेलवे ओवरब्रिज की दूसरी लेन भी फरवरी में शुरू हो सकती है।

ये भी पढे़ं- बरेली: ओपन क्रॉस कंट्री दौड़ में जूनियर वर्ग में आमिर अव्वल

लाल फाटक क्रॉसिंग से बरेली-लखनऊ और बरेली-चंदौसी रेल मार्ग गुजरते हैं। इस क्रॉसिंग पर जाम की पुरानी समस्या के खात्मे के लिए दोनों रेलमार्ग के ऊपर बनाए गए ओवरब्रिज की एक लेन को दिसंबर में शुरू कर दिया गया था। इसके बाद हैवी ट्रैफिक ओवरब्रिज से गुजरने की वजह से जाम से तो काफी हद तक निजात मिल गई लेकिन छोटे वाहनों से गुजरने वाले आसपास के गांवों के लोग अब भी कुछ समस्या झेल रहे हैं। फरवरी में उन्हें भी राहत मिल सकती है। रेलवे के इंजीनियरिंग विभाग से जुड़े अधिकारियों के मुताबिक सबकुछ ठीक रहा तो फरवरी के अंत तक दोनों अंडरपास भी शुरू कर दिए जाएंगे।

इन दोनों रेलवे क्रॉसिंग के बीच अभयपुर गांव पड़ता है। इस गांव के लोगों को अंडरपास शुरू होने से सबसे ज्यादा राहत मिलेगी। इसके अलावा झील गौटिया, बरकलीगंज, चनहेटी, कांधरपुर, बारीनगला, अभयपुर गौटिया समेत लगभग दो दर्जन गांवों की 50 हजार आबादी को भी अंडरपास काफी सहूलियत देगा। रेलवे की निर्माण एजेंसी ने अंडरपास का काम काफी हद तक पूरा कर चुकी है। बाक्स टू बाक्स रेल लाइन के नीचे टनल का काम पूरा होने के बाद अब खुली सड़क से टनल को जोड़ने का काम किया जा रहा है। कैंट की तरफ अंडरपास की सड़क बनाने का काम भी शुरू हो चुका है। अंडरपास के लिए दीवारें भी खड़ी की जा रही हैं। यह अंडरपास लगभग 240 मीटर लंबा है।

फरवरी में ही बनेगी ओवरब्रिज की दूसरी लेन पर सड़क
फरवरी में ही ओवरब्रिज की दूसरी लेन पर भी ट्रैफिक दौड़ने की उम्मीद है। सेतु निगम के अधिकारियों के मुताबिक दूसरी लेन पर सिर्फ डामर की सड़क डालने का काम बचा हुआ है। फिलहाल सर्दी होने की वजह से डामर नहीं डाला जा रहा है ताकि उसकी गुणवत्ता न खराब हो जाए। सर्दी खत्म होते ही सड़क बिछाने का काम शुरू कर दिया जाएगा। इस लेन पर बाकी सारा काम सेतु निगम और रेलवे की निर्माण एजेंसी पूरा कर चुकी है।

हमेशा के लिए बंद हो जाएगी लाल फाटक रेलवे क्रॉसिंग
अंडरपास का निर्माण पूरा होने के बाद जैसे ही उनमें ट्रैफिक दौड़ना शुरू होगा, रेलवे की ओर से तमाम साल पुरानी लाल फाटक रेलवे क्रसिंग को बंद कर दिया जाएगा। आसपास के गांवों को जाने का रास्ता अंडरपास और बदायूं की तरफ जाने का रास्ता आरओबी से होकर गुजरेगा। रेलवे के अधिकारी पहले ही एलान कर चुके हैं कि अंडरपास और आरओबी पर पूरी तरह आवागमन शुरू होने के बाद क्रॉसिंग बंद कर दी जाएगी।

ये भी पढे़ं- बरेली: छात्रों के बीच मारपीट, दोनों पक्षों पर रिपोर्ट दर्ज

 

 

संबंधित समाचार