26 जनवरी: शाह, नड्डा, योगी और केजरीवाल ने स्वतंत्रता सेनानियों, संविधान निर्माताओं और जवानों को किया नमन
नई दिल्ली। भारत आज यानि 26 जनवरी को 74वां गणतंत्र दिवस मना रहा है। इस बार गणतंत्र दिवस पर मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सीसी (Abdel Fattah El-Sisi) मुख्य अतिथि होंगे। इस मौके पर पीएम मोदी , भाजपा के अध्यक्ष जे पी नड्डा ,केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत अन्य दिग्गज नेताओं ने गणतंत्र दिवस पर देश को बधाई दी है।
जेपी नड्डा शुभकामनाएं
जे पी नड्डा ने बृहस्पतिवार को 74वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर देशवासियों को बधाई दी और कामना की कि प्रगतिशील व परिपक्व होता देश का लोकतंत्र हर भारतीय के हृदय में कर्तव्य, अवसर व समानता की भावना का सृजन करे। भारत आज 74वां गणतंत्र दिवस मना रहा है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के नेतृत्व में नयी दिल्ली में कर्तव्य पथ पर गणतंत्र दिवस समारोह का आयोजन हो रहा है।
नड्डा ने एक ट्वीट में कहा, ‘‘सभी देशवासियों को 74वें गणतंत्र दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं। प्रगतिशील व परिपक्व होता हमारा लोकतंत्र भारत के प्रत्येक व्यक्ति के हृदय में कर्तव्य, अवसर व समानता की भावना का सृजन करे।’’
उन्होंने देश की एकता, अखंडता व सम्प्रभुता के लिए बलिदान देने वाली सभी महान विभूतियों को नमन भी किया। नड्डा ने देशवासियों को विद्या की देवी मां सरस्वती की उपासना के पावन पर्व बसंत पंचमी की भी शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा, ‘‘ज्ञान, समृद्धि, सृजनशीलता व अनुग्रह का यह पवित्र अवसर आप सभी के जीवन को समृद्ध करे। मां सरस्वती की अनुकंपा सभी पर सदैव बनी रहे, यह प्रार्थना करता हूं।’’
अमित शाह शुभकामनाएं
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बृहस्पतिवार को 74वें गणतंत्र दिवस के मौके पर देशवासियों को बधाई दी और देश के लिए कुर्बानी देने वाले सभी स्वतंत्रता सेनानियों, संविधान निर्माताओं और जवानों को नमन किया। भारत आज 74वां गणतंत्र दिवस मना रहा है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के नेतृत्व में नयी दिल्ली में कर्तव्य पथ पर गणतंत्र दिवस समारोह का आयोजन हो रहा है।
शाह ने एक ट्वीट में कहा, ‘‘समस्त देशवासियों को 74वें गणतंत्र दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं। आज उन सभी स्वतंत्रता सेनानियों, संविधान निर्माताओं व वीर जवानों को नमन करता हूं जिन्होंने देश को आजाद कराने, मजबूत बनाने व इसकी रक्षा करने के लिए अपना जीवन समर्पित किया है।’’ शाह ने एक अन्य टवीट में देशवासियों को बसंत पंचमी की भी शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा, ‘‘विद्या, बुद्धि और विवेक की देवी मां सरस्वती आप सभी के जीवन को ज्ञान के प्रकाश से आलोकित करें।’’
सीएम योगी शुभकामनाएं
योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों को गणतंत्र दिवस की दी शुभकामनाएं लखनऊ 26 जनवरी (वार्ता) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरूवार को सभी प्रदेश वासियों को 74वें गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दी। श्री आदित्यनाथ ने ट्वीट किया, “सभी प्रदेश वासियों को 74वें गणतंत्र दिवस की हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं! हमारा गणतंत्र श्रेष्ठ लोकतांत्रिक मूल्यों व आदर्शों का पोषक है। आइए, आज के महान अवसर पर हम सभी अपने अमर स्वाधीनता सेनानियों के प्रति कृतज्ञता ज्ञापित कर उनके सपनों का भारत बनाने हेतु संकल्पित हों। जय हिंद”
केजरीवाल और सिसोदिया शुभकामनाएं
केजरीवाल, सिसोदिया ने देशवासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दी नयी दिल्ली 26 जनवरी (वार्ता) दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने गुरूवार को देशवासियों को 74वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर शुभकामनाएं देते हुए कहा कि गणतंत्र को मजबूत करने की हम सबकी जिम्मेदारी हैं।
केजरीवाल ने ट्वीट किया, “ सभी देशवासियों को गणतंत्र दिवस की बहुत-बहुत बधाई एवं शुभकामनाएँ। एक गणराज्य में जनता और जनता का शासन सबसे महत्वपूर्ण होता है। भारत में गणतंत्र की स्थापना के लिए हमारे स्वतंत्रता सेनानियों ने बहुत क़ुर्बानियाँ दी हैं। अब अपने गणतंत्र को मज़बूत करने की ज़िम्मेदारी हम सबकी है।”
सिसोदिया ने ट्वीट किया, “सभी देशवासियों को 74वें गणतंत्र दिवस की हार्दिक बधाई। गणतंत्र दिवस सिर्फ़ संविधान की स्थापना का प्रतीक नहीं बल्कि भारत के सम्प्रभुता, समाजवादी और लोकतांत्रिक अस्तित्व का प्रतीक है। इस पवित्र गणतंत्र की रक्षा करना ही हम सबका परम धर्म और कर्तव्य है।”
उपमुख्यमंत्री ने एक अन्य ट्वीट में कहा, “आज सुबह घर पर परिवार व साथियों के साथ 74वें गणतंत्र दिवस का जश्न.. हमारे गौरवमय तिरंगे को सलामी, व उन लाखों देशभक्तों को नमन जिनकी दशकों की क्रांति ने देश को आज़ाद कर इस गौरवमयी लोकतंत्र की स्थापना को मुमकिम बनाया..भारत माता की जय!”
ये भी पढ़ें- पद्म पुरस्कारों का हुआ ऐलान, मुलायम सिंह यादव को पद्म विभूषण, यहां देखें पूरी लिस्ट
